अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,16अक्टूबर2026
शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रामानुजगंज के मध्य बाजार स्थित वार्ड क्रमांक 11 के प्राचीन श्री हनुमान मंदिर में,आज शाम भक्ति और आस्था का भव्य समागम आयोजित किया जाएगा। हाल ही में जीर्णोद्धार के बाद नए और आकर्षक स्वरूप में सजे इस ऐतिहासिक मंदिर में,पहली बार बड़े स्तर पर धार्मिक अनुष्ठान होने जा रहा हैं। नगर पालिका परिषद एवं सागर मोती फाउंडेशन के, अध्यक्ष रमन अग्रवाल के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में अखंड ज्योत प्रज्ज्वलन,सामूहिक सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और संगीतमय भजन संध्या का आयोजन होगा।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश से आमंत्रित प्रसिद्ध पांडेय बंधु अनुज और आशीष अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगे। धार्मिक आयोजन का समापन विशाल भंडारे एवं महाप्रसाद वितरण के साथ होगा,जो शाम 5 बजे से शुरू होगा। मंदिर के नए स्वरूप में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं और नगरवासियों में उत्साह का माहौल हैं।
🟠जीर्णोद्धार के बाद नए स्वरूप में मंदिर, पहले बड़े आयोजन की तैयारी
रामानुजगंज के मध्य बाजार में स्थित प्राचीन श्री हनुमान मंदिर लंबे समय से स्थानीय श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा हैं। हाल ही में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल के प्रयासों से मंदिर का जीर्णोद्धार कर उसे नया और आकर्षक स्वरूप दिया गया हैं। मंदिर परिसर के सुसज्जित होने के बाद यहां आयोजित होने वाला यह पहला बड़ा धार्मिक कार्यक्रम हैं।आयोजकों के अनुसार,नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में सामूहिक पूजा-पाठ और भक्ति संगीत के माध्यम से श्रद्धालुओं को एक साथ जोड़ने की तैयारी की गई हैं। मंदिर परिसर को धार्मिक अनुष्ठान के अनुरूप सजाया गया हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल और महाप्रसाद वितरण की व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
🟠सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ से गूंजेगा मंदिर परिसर
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे से होगी। इस दौरान अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित की जाएगी। इसके बाद संगीतमय भजन, सामूहिक सुंदरकांड पाठ और हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित होगा।इस धार्मिक आयोजन का विशेष आकर्षण उत्तर प्रदेश से पहुंच रहे पांडेय बंधु अनुज और आशीष की प्रस्तुति होगी। उनके सानिध्य में श्रद्धालु सुर और ताल के साथ सामूहिक सुंदरकांड पाठ में शामिल होंगे। भक्ति संगीत और हनुमान जी की आराधना के बीच मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बनाने की तैयारी हैं।सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ श्रद्धालुओं के बीच विशेष धार्मिक महत्व रखता हैं। नवरात्रि के दौरान ऐसे आयोजन भक्ति, आध्यात्मिक शांति और सामूहिक सहभागिता का अवसर प्रदान करते हैं।
🟠रमन अग्रवाल ने नगर और ग्रामीण अंचलों के लोगों से की अपील
कार्यक्रम के संयोजक एवं नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने रामानुजगंज नगर सहित आसपास के ग्रामीण, क्षेत्रों के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से आयोजन में शामिल होने की अपील की हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सपरिवार और अपने इष्ट-मित्रों के साथ पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनने का आग्रह किया हैं।उन्होंने कहा,कि शारदीय नवरात्रि शक्ति की उपासना, आत्मिक शांति और लोककल्याण का पर्व हैं। सामूहिक सुंदरकांड, हनुमान चालीसा और भजन-कीर्तन जैसे आयोजन लोगों को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने के साथ समाज में, सकारात्मकता, आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देते हैं।
🟠श्रद्धालुओं के लिए पाठ की पुस्तकें उपलब्ध, पूजन सामग्री लाने का आग्रह
आयोजन समिति की ओर से सामूहिक पाठ में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए सुंदरकांड और हनुमान चालीसा की पुस्तकें कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे श्रद्धालु एक साथ पाठ में शामिल हो सकेंगे।समिति ने श्रद्धालुओं से संभव हो तो अपने साथ एक थाली या प्लेट में दीपक, अक्षत यानी चावल, रोली, चंदन और पुष्प लेकर आने का आग्रह किया हैं, ताकि वे पूजन में भी सहभागी बन सकें।मंदिर समिति के सदस्यों के अनुसार, संभावित भीड़ को देखते हुए बैठक व्यवस्था, पेयजल और भंडारे के सुचारू संचालन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
🟠रात 8 बजे से विशाल भंडारा और महाप्रसाद वितरण
धार्मिक अनुष्ठान के बाद रात 8 बजे से विशाल भंडारा एवं महाप्रसाद वितरण शुरू होगा। इसमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए आयोजन समिति ने आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम रामानुजगंज में धार्मिक आस्था और सामूहिक सहभागिता का अवसर बनेगा। जीर्णोद्धार के बाद प्राचीन हनुमान मंदिर में होने वाले इस विशेष आयोजन के जरिए श्रद्धालु पूजा-पाठ, भजन और सामूहिक सुंदरकांड के माध्यम से भक्ति में सहभागी बन सकेंगे।
🟠कार्यक्रम की समय सारणी
🔸️दिनांक: शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026
🔸️समय: शाम 5 बजे से धार्मिक अनुष्ठान
🔸️मुख्य आयोजन: अखंड ज्योत, सामूहिक सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भजन संध्या
🔸️विशेष प्रस्तुति: पांडेय बंधु अनुज और आशीष
🔸️विशाल भंडारा: रात 8 बजे से
🔸️स्थान: प्राचीन श्री हनुमान मंदिर, मध्य बाजार, वार्ड क्रमांक 11, रामानुजगंज
🔸️संयोजन: नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल











