संदिली सिंह,रायपुर,24अगस्त2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
छत्तीसगढ़ की राजनीति में हाल ही में दो बड़े बदलाव हुए हैं – भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार और प्रदेश भाजपा संगठन में नई कार्यसमिति पदाधिकारियों की घोषणा। इन दोनों घटनाओं में सरगुजा को मिला अभूतपूर्व महत्व चर्चा का केंद्र बन गया हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार में अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने केबिनेट मंत्री पद की शपथ ली, वहीं भाजपा संगठन में अखिलेश सोनी को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी मिली। एक साथ मंत्री और महामंत्री, दोनों पद सरगुजा को मिलना ऐतिहासिक माना जा रहा हैं। यह पहला मौका हैं,जब सरगुजा से भाजपा सरकार में मंत्री और संगठन में महामंत्री दोनों बने हैं।
🟠भाजपा का सरगुजा पर विशेष फोकस
2023 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सरगुजा संभाग की 14 में से सभी 14 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इससे पहले मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वरिष्ठ नेता रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल (मनेंद्रगढ़) और लक्ष्मी राजवाड़े (भटगांव) पहले ही शामिल हो चुके थे। ऐसे में लगा था,कि सरगुजा को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिल चुका हैं, लेकिन भाजपा ने राजेश अग्रवाल को मंत्रिमंडल में शामिल कर सबको चौंका दिया।
🟠लालबत्ती की राजनीति और जनता की उम्मीदें
कांग्रेस सरकार के समय सरगुजा में एक उपमुख्यमंत्री, एक केबिनेट मंत्री और चार निगम-मंडल अध्यक्ष थे। वर्तमान भाजपा सरकार में फिलहाल एक केबिनेट मंत्री, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष, युवा आयोग अध्यक्ष और अब संगठन में महामंत्री का पद मिला हैं। यानी सत्ता और संगठन दोनों में सरगुजा का प्रतिनिधित्व बढ़ा हैं।
भाजपा कार्यकर्ताओं में इन नियुक्तियों को लेकर भारी उत्साह हैं, वहीं आम जनता भी सरगुजा के सर्वांगीण विकास की उम्मीद कर रही हैं। हालांकि बरसात के मौसम में खराब सड़कों को लेकर जनता की नाराजगी भी साफ दिख रही हैं। भाजपा जनप्रतिनिधियों के सामने यह बड़ी चुनौती है कि इस आक्रोश को आंदोलन में बदलने से पहले ही समाधान किया जाए।
🟠इतिहास से सबक लेने का समय
2018 में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में 75 सीटें जीतकर इतिहास रचा था,और सरगुजा में 14-0 की क्लीन स्वीप की थी। लेकिन 2023 में यही कांग्रेस 0-14 से हार गई। कारण साफ हैं – जनता सब जानती हैं। कांग्रेस के पास 6 लालबत्ती थीं, पर विश्वास नहीं जीत पाई। भाजपा के लिए भी यही सबसे बड़ी सीख है कि जोश के साथ होश से काम करना होगा।
वर्तमान विष्णुदेव सरकार को अभी डेढ़ साल ही हुआ हैं। शेष कार्यकाल में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही भाजपा जनप्रतिनिधियों की असली परीक्षा होगी।
🟠निष्कर्ष:
भाजपा ने सरगुजा को मंत्री और महामंत्री का सम्मान देकर जो संदेश दिया है, उसने जनता की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा,कि यह डबल सम्मान विकास के डबल परिणाम में कब बदलता हैं।
जय सरगुजा..! जय छत्तीसगढ़..!
लेखक: संतोष सरल, सरगुजा












