संदिली सिंह,रायपुर/छत्तीसगढ़,27सितंबर2025,विशेष रिपोर्ट-Nexis News
उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की पहल पर केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय ने, छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में आदर्श सुविधा केंद्र (Citizen Experience Center) खोलने के लिए 50 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।पहले चरण में यह केंद्र राज्य के सभी 14 नगर निगमों और 55 नगर पालिकाओं में शुरू होंगे। आदर्श सुविधा केंद्र नागरिकों को जन्म, मृत्यु, विवाह प्रमाण पत्र, व्यापार और लाइसेंस सेवाएं, संपत्ति कर, जल/सीवरेज, ठोस अपशिष्ट सेवाएँ, शिकायत निवारण जैसी सभी सेवाओं के लिए वन-स्टॉप हब के रूप में कार्य करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा,कि यह पहल सुशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया,कि ये केंद्र वन स्टेट-वन पोर्टल के तर्ज पर डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े होंगे, जिससे नागरिक सेवाएं सुलभ, समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से प्राप्त होंगी।
आदर्श सुविधा केंद्र नागरिकों और नगरीय निकाय अधिकारियों के बीच जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने के साथ ही ईज ऑफ लिविंग (Ease of Living) में सुधार सुनिश्चित करेंगे। इसके माध्यम से राज्य में संचालित अन्य नागरिक पोर्टल जैसे निदान-1100, मोर संगवारी, संपत्ति कर आदि को भी एकीकृत किया जाएगा।












