जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारी तेज, छत्तीसगढ़ में मास्टर ट्रेनर्स का पहला प्रशिक्षण बैच पूरा

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,5 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों ने गति पकड़ ली हैं। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के लिए, राज्य स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नवा रायपुर अटल नगर स्थित प्रशासन अकादमी में मास्टर ट्रेनर्स के प्रथम बैच का चार दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार, 5 नवंबर को संपन्न हुआ। अब दूसरे बैच का प्रशिक्षण 16 से 19 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा।राज्य में जनगणना के दूसरे चरण का मैदानी कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा। इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार के सदस्यों से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे।

🟠प्रदेश में 66 हजार प्रगणक और पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी

जनगणना के दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में, लगभग 66 हजार प्रगणक और पर्यवेक्षक मैदानी स्तर पर जिम्मेदारी निभाएंगे। इन कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के लिए जिलों द्वारा 1,120 फील्ड ट्रेनर्स नामित किए गए हैं।वहीं, फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण देने के लिए कुल 60 मास्टर ट्रेनर्स नियुक्त किए गए हैं। इनमें 47 मास्टर ट्रेनर्स जिलों से और 13 जनगणना कार्य निदेशालय से नामित किए गए हैं। इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य जनगणना से जुड़े प्रत्येक कर्मचारी को निर्धारित प्रक्रिया और तकनीकी जानकारी से परिचित कराना हैं।🟠16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स ने लिया प्रशिक्षण

प्रशासन अकादमी,नवा रायपुर में 2 नवंबर से शुरू हुआ प्रथम बैच का प्रशिक्षण 5 नवंबर को पूरा हुआ। इसमें प्रदेश के 16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए। इनमें मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार-भाटापारा और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले शामिल हैं।छत्तीसगढ़ के लिए नामित राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्र और प्रदीप कुमार साव, दोनों संयुक्त निदेशक, ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया, प्रश्नावली भरने, प्रगणना की तकनीकी बारीकियों, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग और आंकड़ों के संकलन से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।प्रशिक्षण में आंकड़ों की शुद्धता और गुणवत्ता बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया गया। व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से मास्टर ट्रेनर्स को इस तरह तैयार किया गया,कि वे आगे जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित कर सकें।

🟠16 से 19 नवंबर तक होगा दूसरे बैच का प्रशिक्षण

मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का दूसरा बैच 16 से 19 नवंबर 2026 तक प्रशासन अकादमी, नवा रायपुर अटल नगर में आयोजित किया जाएगा। इस बैच को भी राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्र और प्रदीप कुमार साव प्रशिक्षण देंगे।राज्यस्तरीय प्रशिक्षण पूरा होने के बाद मास्टर ट्रेनर्स जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद फील्ड ट्रेनर्स प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे। इस बहुस्तरीय प्रशिक्षण व्यवस्था के जरिए प्रदेशभर में जनगणना के मैदानी कार्य के लिए मानव संसाधन तैयार किया जाएगा।

🟠मई में पूरा हो चुका हैं,जनगणना का पहला चरण

भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण यानी मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य छत्तीसगढ़ में, 1 से 30 मई 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न किया जा चुका हैं। अब दूसरे चरण की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा हैं।भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुसार राज्य में यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मुख्य सचिव के मार्गदर्शन तथा गृह विभाग की राज्य नोडल अधिकारी एवं प्रमुख सचिव निहारिका बारीक और जनगणना कार्य निदेशालय, छत्तीसगढ़ के निदेशक कार्तिकेया गोयल के दिशा-निर्देशों में आयोजित किया जा रहा हैं।जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया हैं। इसके आंकड़े देश की जनसंख्या से जुड़ी जानकारी और विभिन्न योजनाओं के निर्माण में उपयोगी होते हैं। ऐसे में प्रशिक्षण के प्रत्येक स्तर पर तकनीकी दक्षता,आंकड़ों की शुद्धता, समयबद्धता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया जा रहा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें