संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,17जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
जनजातीय कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से,राज्य स्तरीय जनजातीय जीवनशैली चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन 20 एवं 21 फरवरी 2026 को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक सह जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय में किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन आदिम जाति विकास विभाग तथा आदिमजाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा हैं।
प्रतियोगिता का विषय “जनजातीय जीवनशैली” निर्धारित किया गया हैं। यह प्रतियोगिता प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगी,जिसमें प्रदेशभर से अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रथम 150 पंजीकृत प्रतिभागियों को सहभागिता का अवसर प्रदान किया जाएगा।
🟠दो आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता
प्रतियोगिता केनवास माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिसमें 18 से 30 वर्ष तथा 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागी अलग-अलग श्रेणियों में भाग ले सकेंगे। प्रतिभागियों को चित्रकला हेतु 20 फरवरी प्रातः 10:30 बजे से 21 फरवरी सायं 4 बजे तक का समय दिया जाएगा। प्रतियोगिता का परिणाम 21 फरवरी 2026 को घोषित किया जाएगा।
🟠सामग्री व नियम
केनवास का आकार 24×30 इंच निर्धारित किया गया हैं। प्रतिभागी एक्रिलिक कलर, ऑयल पेस्टल आदि रंगों का उपयोग कर सकेंगे। केनवास, रंग, स्टैंड (ईजल) सहित आवश्यक सामग्री संस्थान द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी,जबकि ब्रश एवं अन्य सहायक सामग्री प्रतिभागियों को स्वयं लानी होगी। प्रतिभागियों की आयु की गणना 01 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
🟠आकर्षक पुरस्कार
प्रत्येक आयु वर्ग में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।प्रथम पुरस्कार ₹20,000, द्वितीय ₹15,000 तथा तृतीय ₹10,000 रहेगा। इसके अतिरिक्त दोनों आयु वर्गों के 10-10 प्रतिभागियों को ₹2,000 की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
🟠पंजीयन व सुविधाएं
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक पात्र प्रतिभागी 31 जनवरी 2026 तक गूगल शीट के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। सभी प्रतिभागियों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाएगी। रायपुर के बाहर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए आवास एवं यात्रा भत्ता भी शासन द्वारा निर्धारित दरों पर प्रदान किया जाएगा।












