Nexis News

पंचायत प्रतिनिधियों के अध्ययन भ्रमण से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,17जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास से, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत बस्तर संभाग के जिला पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों के दल को प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण के लिए रवाना किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दो बसों को हरी झंडी दिखाकर दल को शुभकामनाओं के साथ महाराष्ट्र के लिए प्रस्थान कराया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,कि अध्ययन भ्रमण के माध्यम से पंचायत प्रतिनिधियों को अन्य राज्यों की बेहतर कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) की जानकारी प्राप्त होगी, जिसका सीधा लाभ छत्तीसगढ़ के ग्रामीण विकास को मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह भ्रमण केवल शैक्षणिक नहीं, बल्कि संवाद, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, नवाचार और पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे महाराष्ट्र में छत्तीसगढ़, विशेषकर बस्तर की पहचान के रूप में राज्य के पर्यटन, संस्कृति, जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन एवं पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था की जानकारी भी साझा करें।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी पंचायत प्रतिनिधियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा, कि इस प्रकार के एक्सपोज़र विज़िट से पंचायत राज व्यवस्था को और अधिक सशक्त, प्रगतिशील एवं विकासोन्मुख बनाने में सहायता मिलेगी।

उल्लेखनीय हैं,कि भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय ग्राम स्वराज योजना के अंतर्गत बस्तर संभाग के जिला पंचायतों के निर्वाचित प्रतिनिधियों को 18 जनवरी से 23 जनवरी 2025 तक महाराष्ट्र (मुंबई) भेजा जा रहा हैं। प्रथम चरण में 60 पंचायत प्रतिनिधि एवं नोडल अधिकारी इस प्रशिक्षण सह अध्ययन भ्रमण में शामिल हैं। भ्रमण के दौरान प्रशिक्षण सत्रों के साथ-साथ महाराष्ट्र की उत्कृष्ट पंचायतों का भी अध्ययन कराया जाएगा। आगामी चरणों में राज्य के अन्य संभागों के प्रतिनिधियों को भी इसी प्रकार अध्ययन भ्रमण पर भेजा जाएगा।

इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी, विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की संचालक प्रियंका महोबिया सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!