संदिली सिंह,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,4फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग,रायपुर के निर्देशानुसार जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 09 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक वजन त्यौहार का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पोषण एवं स्वच्छता से संबंधित विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
वजन त्यौहार के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में 0 से 06 वर्ष तक के बच्चों का वजन एवं ऊंचाई मापन, उनके पोषण स्तर की जांच की जाएगी तथा अभिभावकों को पोषण संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं एवं किशोरी बालिकाओं में एनीमिया स्तर की जांच कर पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं द्वारा शिशुवती माताओं एवं अन्य हितग्राहियों को संतुलित आहार, बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया जाएगा।वजन त्यौहार का उद्देश्य बच्चों एवं महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ समाज में पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना हैं।












