मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना : आज प्रदेशभर में 6,412 जोड़ों का होगा विवाह,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय देंगे आशीर्वाद

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,10फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आज एक ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों में कुल 6,412 जोड़े विभिन्न धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह बंधन में बंधेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय “कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान” का भी शुभारंभ करेंगे। अभियान के पहले चरण में 6 माह से 52 माह आयु वर्ग के 40 हजार कुपोषित बच्चों को कवर किया जाएगा। इसकी शुरुआत बस्तर संभाग से होगी, जिसमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिले शामिल हैं।कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सहित मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

मुख्य कार्यक्रम में रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में प्रातः 11 बजे से 1,316 जोड़ों का विवाह संपन्न होगा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में और 15 हजार रुपये की राशि उपहार सामग्री एवं विवाह आयोजन हेतु प्रदान की जाएगी।बलौदाबाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़ेंगे, जबकि शेष जिलों में जिला मुख्यालयों पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

🟠धार्मिक परंपराओं के अनुसार, योजना के अंतर्गत

🔸️हिंदू रीति से 6,281 जोड़े

🔸️मुस्लिम रीति से 3 जोड़े

🔸️ईसाई रीति से 113 जोड़े

🔸️बौद्ध रीति से 5 जोड़े

🔸️बैगा समुदाय के 10 जोड़े,विवाह सूत्र में बंधेंगे।

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना हैं,जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान करती हैं। यह वृहद आयोजन सामाजिक समानता, समरसता और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें