संदिली सिंह,जशपुर/लोदाम,छत्तीसगढ़,4जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
जशपुर जिले के लोदाम क्षेत्र में ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से एक बड़ी चोरी की वारदात नाकाम हो गई। कुख्यात बादी (नट) गिरोह का एक सदस्य बकरी चोरी करते हुए,रंगे हाथों पकड़ा गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर कार समेत फरार हो गए। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय संगठित चोर गिरोहों की मौजूदगी को उजागर कर दिया हैं। हालांकि इस बार ग्रामीणों की जागरूकता ने अपराधियों की पूरी योजना पर पानी फेर दिया।
🟠देर रात संदिग्ध गतिविधि देख पड़ोसी ने किया फोन, खुल गया चोरी का राज
जानकारी के अनुसार लोदाम थाना क्षेत्र के बैगाटोली निवासी किषुन राम (35 वर्ष) ने,अपने घर में 9 बकरा-बकरियां पाल रखी थीं। 2 जून की रात रोज की तरह सभी पशुओं को गोहार में बांधकर वह अपने परिवार के साथ सो गया।रात लगभग 2 बजे पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर बताया,कि उसके घर के बाहर एक संदिग्ध कार काफी देर से खड़ी हैं और उसमें से कुछ लोग उतरकर इधर-उधर घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही,किषुन राम घर से बाहर निकला।बाहर निकलते ही उसके होश उड़ गए। घर के एक कमरे का दरवाजा खुला हुआ था, अलमारी और पेटी के ताले टूटे पड़े थे तथा सामान बिखरा हुआ था। जब वह गोहार पहुंचा तो वहां का दरवाजा टूटा मिला और एक बकरा तथा एक बकरी गायब थी।
🟠ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, दौड़ाकर दबोचा आरोपी
चोरी की जानकारी मिलते ही,गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान ग्राम कोटवार और अन्य ग्रामीणों ने एक संदिग्ध युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया।पूछताछ में युवक ने अपना नाम अनीष खान उर्फ गोल्डन (25 वर्ष), निवासी टुकूपारा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा बताया।ग्रामीणों ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एक बकरी बरामद कर ली। बाद में आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया,कि वह अपने अन्य साथियों के साथ सीतापुर से कार में सवार होकर लोदाम क्षेत्र में चोरी करने आया था। आरोपी ने खुद को कुख्यात बादी (नट) गिरोह का सदस्य बताया हैं।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया हैं,कि आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके पुराने रिकॉर्ड और गिरोह की गतिविधियों की बारीकी से जांच की जा रही हैं।
🟠पुलिस ने जब्त किया चोरी का सामान
लोदाम पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामग्री बरामद की हैं—
🔸️चोरी की गई 01 बकरी
🔸️घटना में प्रयुक्त टांगी,मोबाइल फोन,टॉर्च,टेप एवं अन्य सामान बरामद सामान को जब्त कर जांच में शामिल किया गया हैं।
🟠इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
लोदाम थाना में आरोपी एवं उसके फरार साथियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 38/2026 दर्ज किया गया हैं।आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4),305,3(5)के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया हैं।
डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा,कि जागरूक ग्रामीणों के सहयोग से कुख्यात बादी (नट) गिरोह के एक सदस्य को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया हैं।उन्होंने बताया,कि आरोपी के अन्य फरार साथियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य जिलों में दर्ज मामलों की भी जांच की जा रही हैं।
🟠ग्रामीणों की जागरूकता बनी मिसाल
इस पूरी कार्रवाई में ग्रामीणों की सजगता और साहस ने अहम भूमिका निभाई। यदि पड़ोसी समय रहते संदिग्ध गतिविधियों की सूचना नहीं देता और ग्रामीण तुरंत सक्रिय नहीं होते, तो आरोपी आसानी से चोरी कर फरार हो सकते थे।ग्रामीणों की इसी सतर्कता के कारण पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली और चोरी की गई बकरी भी सुरक्षित बरामद कर ली गई।जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की हैं,कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।












