Nexis News

बिलासपुर के बुधवारी बाजार में भीषण आग : देर रात धधकीं कई दुकानें, लाखों का नुकसान होने की आशंका

संदिली सिंह,बिलासपुर,छत्तीसगढ़,5जून2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1 के पास साइकिल दुकान से भड़की आग, देखते ही देखते कई प्रतिष्ठान चपेट में आए, रातभर चला राहत और बचाव अभियान।

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर गुरुवार देर रात एक बड़ी आगजनी की घटना से दहल उठी। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल बुधवारी बाजार में, अचानक लगी भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी भयावह थीं,कि दूर-दूर तक आसमान लाल दिखाई देने लगा और बाजार क्षेत्र घने धुएं से भर गया।जानकारी के अनुसार आग रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1 के समीप स्थित एक साइकिल दुकान में भड़की, जिसने देखते ही, देखते आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलने की रफ्तार इतनी तेज थी,कि दुकानदारों और स्थानीय लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

🟠देखते ही देखते धधक उठा पूरा बाजार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात अचानक एक दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों तक फैल गई।आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धमाकों जैसी आवाजों से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। स्थानीय लोग, व्यापारी और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए। कई दुकानदार अपनी दुकानों का सामान बचाने की कोशिश करते नजर आए।

🟠दमकल और पुलिस की टीमों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की कई गाड़ियों को बुलाया गया।फायर ब्रिगेड की टीमों ने घंटों मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग को अन्य दुकानों और आसपास के रिहायशी इलाकों तक फैलने से रोकने के लिए लगातार पानी की बौछार की गई।

🟠रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रोका गया यातायात

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन गेट नंबर-1 के आसपास का यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी।प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आग को नियंत्रित करना और किसी भी संभावित जनहानि को रोकना था।

🟠कई दुकानों को भारी नुकसान की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले एक साइकिल दुकान में लगी थी। इसके बाद उसने आसपास की इलेक्ट्रॉनिक, हार्डवेयर और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही हैं। हालांकि नुकसान का वास्तविक आंकड़ा आग पूरी तरह बुझने और सर्वे के बाद ही सामने आ सकेगा।

🟠आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया हैं। शॉर्ट सर्किट सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जाएगी।प्रशासन और अग्निशमन विभाग आग पर पूरी तरह नियंत्रण के बाद विस्तृत जांच कर घटना के कारणों का खुलासा करेंगे।

🟠बढ़ती आगजनी की घटनाओं ने बढ़ाई चिंता

हाल के महीनों में बिलासपुर समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आगजनी की घटनाओं में वृद्धि देखने को मिली हैं। ऐसे में बुधवारी बाजार की यह बड़ी घटना व्यापारियों और स्थानीय प्रशासन के लिए चिंता का विषय बन गई हैं।व्यापारियों ने बाजार क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग उठाई हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।फिलहाल राहत की बात यह हैं,कि देर रात तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली हैं, लेकिन आर्थिक नुकसान काफी बड़ा होने की आशंका जताई जा रही हैं।

 

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!