अर्पित तिवारी,रिपोर्ट,रामानुजगंज।06जून2026—Nexis News
छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार के सुशासन के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए,बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में विकास का एक नया अध्याय लिखा गया हैं। ‘सुशासन तिहार’ के अवसर पर रामानुजगंज नगर पालिका क्षेत्र को लगभग 15 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात मिली हैं। इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास संपन्न हुआ, जिससे समूचे क्षेत्र में हर्ष का माहौल हैं।
🟠जनसमस्याओं का मौके पर निपटारा, उमड़ा जनसैलाब

रामानुजगंज में आयोजित इस ‘सुशासन तिहार’ को लेकर आम जनता में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। कार्यक्रम स्थल पर शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिला प्रशासन की मुस्तैदी के चलते कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और नए आवेदनों का मौके पर ही त्वरित और पारदर्शी तरीके से निराकरण किया गया।
🟠वर्षों पुरानी मांग पूरी: अब कन्हर नदी में नहीं मिलेगा गंदा पानी
इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आकर्षण सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का भूमिपूजन रहा। रामानुजगंज वासी वर्षों से मांग कर रहे थे,कि फकीरा नाले का दूषित पानी सीधे कन्हर नदी के एनीकट में मिलकर उसे दूषित कर रहा हैं, जिसे रोका जाए। साय सरकार ने इस जनभावना का सम्मान करते हुए एसटीपी प्लांट को मंजूरी दी हैं, जिसके माध्यम से अब गंदे पानी को एनीकट से बाहर निकालकर डाइवर्ट और ट्रीट किया जाएगा। इसके अलावा नगर विकास के लिए निम्नलिखित कार्यों की आधारशिला रखी गई।
ढाई करोड़ की लागत से जरूरतमंदों के लिए सर्वसमाज मांगलिक भवन का निर्माण।वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की भव्य मूर्ति की स्थापना एवं चौक का सौंदर्यीकरण।शहर के विभिन्न वार्डों में चमचमाती सीसी रोड, ड्रेनेज (नाली) सिस्टम और विद्युतीकरण का विस्तार।प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत 113 गरीब परिवारों को पक्के मकान के लिए कार्य आदेश सौंपना।नगरीय विकास और जनहित के इन कार्यों पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक मुखिया ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी।
🟠रामविचार नेताम (कृषि एवं कैबिनेट मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन)
“पूरे प्रदेश भर में छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से सुशासन तिहार के कार्यक्रम चल रहे हैं, जिसमें ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की जनसुनवाई की जा रही हैं। रामानुजगंज के विकास के लिए हमारी सरकार ने करीब 15 करोड़ रुपये की बड़ी राशि स्वीकृत की हैं। यहाँ के हमारे सक्रिय नगर पालिका अध्यक्ष लगातार क्षेत्र के विकास के लिए विभागों के संपर्क में बने हुए थे। जो मांगें वर्षों से लंबित थीं और लोग उम्मीद खो चुके थे, उन्हें हमारी सरकार ने पूरा किया हैं। सीसी रोड, नालियां, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण और मांगलिक भवन जैसी बुनियादी सुविधाओं से रामानुजगंज के विकास को चार चांद लगेंगे।”
🟠चंदन संजय त्रिपाठी (कलेक्टर, बलरामपुर-रामानुजगंज)
“शासन के निर्देशानुसार जिले की ग्राम पंचायतों के क्लस्टर्स और नगरीय निकायों में सुशासन तिहार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रामानुजगंज में आज बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पात्रता के अनुसार राशन कार्ड और पेंशन से जुड़े मामलों का तत्काल निपटारा किया गया। पट्टा संबंधी मांगों का भी परीक्षण किया जा रहा हैं, जैसे ही शासन से गाइडलाइन आएगी, भूमिहीनों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके साथ ही मंत्री जी के हाथों करीब 15 करोड़ के विकास कार्यों, जिसमें सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और मांगलिक भवन शामिल हैं, का शिलान्यास हुआ हैं। प्रशासन इन कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
🟠रमन अग्रवाल (अध्यक्ष, नगर पालिका रामानुजगंज)
“रामानुजगंज की जनता के लिए आज का दिन ऐतिहासिक हैं। हमारे लाडले नेता और वरिष्ठ कैबिनेट मंत्री माननीय रामविचार नेताम जी के कर-कमलों से नगर को लगभग 15 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात मिली हैं। कन्हर नदी में मिलने वाले गंदे पानी को रोकने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की मांग वर्षों से लंबित थी, जिसका आज भूमिपूजन हुआ। इसके साथ ही, सुशासन तिहार के तहत 113 कच्चे घरों में रहने वाले गरीब परिवारों को ₹2,82,000 की लागत वाले पक्के मकानों का वर्क ऑर्डर सौंपा गया हैं। हम रामानुजगंज को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने के लिए पूरी तरह संकल्पित हैं।”
रामानुजगंज में आयोजित यह ‘सुशासन तिहार’ महज एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि सीधे जनता के द्वार तक पहुँचकर साय सरकार की ‘अंत्योदय’ नीति को चरितार्थ करने का जीवंत उदाहरण बना। ₹15 करोड़ की इन सौगातों से जहाँ बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, वहीं जरूरतमंदों को पक्का मकान मिलने से उनके जीवन में खुशहाली आएगी। अब पूरी क्षेत्र की नजरें जिला प्रशासन पर टिक गई हैं,कि इन स्वीकृत निर्माण कार्यों को धरातल पर कितनी तेजी से पूरा किया जाता हैं।












