अर्पित तिवारी,रामानुजगंज,छत्तीसगढ़,09जून 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की नई कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी कार्यशैली और प्राथमिकताओं का स्पष्ट संकेत दे दिया हैं। जिला मुख्यालय में आयोजित पहली प्रेस वार्ता में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और प्रशासनिक जवाबदेही जैसे मुद्दों पर अपनी प्राथमिकताएं साझा करते हुए कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान निजी स्कूलों की मनमानी और अभिभावकों की शिकायतों से जुड़े सवालों पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने बताया कि निजी स्कूल संचालकों के साथ बैठक कर नियमों के पालन के निर्देश दिए जा चुके हैं। यदि भविष्य में किसी भी स्कूल के खिलाफ नियमों के उल्लंघन की प्रमाणिक शिकायत प्राप्त होती हैं,तो नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना, आंगनबाड़ी केंद्रों को मजबूत करना, हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना तथा ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास केवल जिला मुख्यालय तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।
ग्राउंड स्तर पर समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रशासन द्वारा विशेष मेंटेनेंस वाहन “1099” की शुरुआत की गई हैं। यह वाहन आवश्यक सेवाओं के रखरखाव और त्वरित मरम्मत कार्यों के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेगा। प्रारंभिक चरण में यह सुविधा राजपुर और शंकरगढ़ विकासखंडों में संचालित की जाएगी।
कलेक्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को भी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं,और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।












