अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,2जुलाई 2026
जिला मुख्यालय बलरामपुर में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने,गुरुवार को विभिन्न सार्वजनिक स्थलों और शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस स्टैंड, ऑडिटोरियम, एसआरएलएम सेंटर, सखी वन स्टॉप सेंटर, निर्माणाधीन मांगलिक भवन और ऑफिसर्स क्लब का जायजा लेते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं और स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
🟠बस स्टैंड और ऑडिटोरियम की व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
निरीक्षण की शुरुआत बस स्टैंड से हुई, जहां कलेक्टर ने साफ-सफाई, यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और भवन की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने नियमित सफाई और सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर एयर कंडीशनर, विद्युत व्यवस्था, पंखों और अन्य उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की तथा आवश्यक मरम्मत के लिए शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
🟠स्वच्छता दीदियों से जाना कचरे से आय बढ़ाने का मॉडल
एसआरएलएम सेंटर में कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से कचरा पृथक्करण की पूरी प्रक्रिया समझी। महिलाओं ने बताया,कि सूखे, गीले और अन्य अपशिष्टों को अलग-अलग कर उनका वैज्ञानिक निस्तारण किया जाता हैं। कलेक्टर ने पुनर्चक्रण योग्य सामग्री के बेहतर उपयोग और उससे होने वाली आय के बारे में भी जानकारी ली तथा इस मॉडल को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
🟠मेडिकल वेस्ट मिलने पर जताई सख्त नाराजगी
निरीक्षण के दौरान सेग्रिगेशन शेड में मेडिकल वेस्ट (सिरिंज) मिलने पर कलेक्टर ने गंभीर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल टीम गठित कर मेडिकल स्टोर्स की जांच कराने तथा बायो-मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई मेडिकल प्रतिष्ठान नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा।
🟠वन स्टॉप सेंटर और निर्माणाधीन भवनों का भी किया निरीक्षण
कलेक्टर ने सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर महिलाओं को दी जा रही सहायता, परामर्श और अन्य सेवाओं की समीक्षा की। इसके बाद निर्माणाधीन मांगलिक भवन का निरीक्षण कर अधिकारियों से प्रगति रिपोर्ट ली और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
🟠आदिवासी विरासत के संरक्षण पर दिया विशेष जोर
ऑफिसर्स क्लब में संरक्षित आदिवासी संस्कृति से जुड़े पारंपरिक आभूषण, कृषि उपकरण और अन्य विरासत सामग्री का अवलोकन करते हुए कलेक्टर ने इनके संरक्षण, नियमित साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में अनधिकृत लोगों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाने को कहा।
🟠कलेक्टर का स्पष्ट संदेश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा,कि स्वच्छता, सुरक्षा, पारदर्शिता और बेहतर सार्वजनिक सेवाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।












