अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,10जुलाई 2026
नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के नवनियुक्त एल्डरमैनों ने,शुक्रवार को काका लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में आयोजित गरिमामय समारोह में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। आदिम जाति विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, मछली पालन एवं पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में नव नियुक्त एल्डरमैनों ने जनसेवा और नगर के समग्र विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए,मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती हैं। उन्होंने सभी एल्डरमैनों से नियमित रूप से वार्डों का भ्रमण कर नागरिकों की समस्याएं सुनने, उनके त्वरित समाधान के लिए प्रयास करने और नगर के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा,कि जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी जनप्रतिनिधि मिलकर रामानुजगंज को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
🟠इन पांच एल्डरमैनों ने ली शपथ
शासन द्वारा नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के लिए नियुक्त किए गए एल्डरमैन सुभाष केशरी,मोहन गुप्ता,जय प्रकाश केशरी,सीमा रवि,अनूप कश्यप ने विधिवत शपथ लेकर अपने दायित्वों का ईमानदारी और जनहित की भावना के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
नगर पालिका अध्यक्ष रमन जायसवाल ने नवनियुक्त एल्डरमैनों का स्वागत करते हुए,विश्वास जताया,कि उनके अनुभव और सहयोग से नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनि निकुंज, नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, एसडीएम आनंद राम नेताम, सीएमओ सुधीर कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।












