Nexis News

सरगुजा पुलिस की जांच व्यवस्था हुई हाईटेक : 102 विवेचकों को मिले स्मार्ट मोबाइल, अब डिजिटल साक्ष्यों से तेज और पारदर्शी होगी विवेचना

न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,11जुलाई2026

सरगुजा पुलिस अपराध जांच को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठा रही हैं। पुलिस मुख्यालय रायपुर की ASUMP Scheme 2025-26 (Modern/Special Plan) के तहत जिले के 102 विवेचकों को अत्याधुनिक सैमसंग स्मार्ट मोबाइल वितरित किए गए हैं। इस पहल से अपराध स्थलों पर डिजिटल साक्ष्य जुटाने, ई-साक्ष्य (e-Evidence) के सुरक्षित संकलन और जांच प्रक्रिया को अधिक तेज, पारदर्शी एवं वैज्ञानिक बनाने में मदद मिलेगी।पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंबिकापुर में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने विवेचकों को स्मार्ट मोबाइल सौंपे। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

🟠अब घटनास्थल से सीधे जुटेंगे डिजिटल साक्ष्य

नए स्मार्ट मोबाइल की मदद से विवेचक अब मौके पर ही फोटो, वीडियो, ऑडियो रिकॉर्डिंग, लोकेशन आधारित साक्ष्य और अन्य डिजिटल दस्तावेज सुरक्षित रूप से एकत्र कर सकेंगे। इससे जांच प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होगी और न्यायालय में साक्ष्य प्रस्तुत करने में भी आसानी होगी।

🟠नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को मिलेगी मजबूती

डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से विवेचना की गुणवत्ता और पारदर्शिता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। ‘ई-साक्ष्य’ के त्वरित और सुरक्षित संकलन से नए आपराधिक कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा और अपराधों की जांच पहले से अधिक सटीक एवं भरोसेमंद बनेगी।

🟠मिलेगा विशेष प्रशिक्षण, डेटा सुरक्षा पर भी रहेगा फोकस

पुलिस विभाग ने बताया,कि मोबाइल वितरण के बाद सभी विवेचकों को डिजिटल विवेचना, ई-साक्ष्य संकलन और डेटा सुरक्षा संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही तकनीकी सहायता और मॉनिटरिंग की मजबूत व्यवस्था भी लागू की जाएगी, ताकि हाईटेक पुलिसिंग का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!