Nexis News

लोरो घाट में मौत को मात : ट्रक के मलबे में 3 घंटे तक फंसी रही तीन जिंदगियां, जशपुर पुलिस ने चलाया ‘ऑपरेशन लाइफ’, सभी को सुरक्षित निकाला

न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,16जुलाई 2026

जशपुर जिले के लोरो घाट में बुधवार शाम हुई,भीषण सड़क दुर्घटना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चला, जिसने तीन लोगों को मौत के मुंह से वापस खींच लिया। धनबाद (झारखंड) से रायपुर कोयला लेकर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर सुरक्षा रेलिंग से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी,कि ट्रक का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक समेत तीन लोग अंदर बुरी तरह फंस गए।हालात बेहद गंभीर थे, लेकिन जशपुर पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग, डायल-112, अग्निशमन दल, पुलिस मितान और स्थानीय ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर ट्रक का केबिन कटर मशीन से काटा और तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय पर हुए इस साहसिक अभियान से तीनों की जान बच गई।

🟠लोरो घाट में हुआ दर्दनाक हादसा

पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे टाटा ट्रक (JH-02-AM-6041) धनबाद से, कोयला लेकर रायपुर जा रहा था। लोरो घाट में, अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग से जा टकराया। भीषण टक्कर के बाद ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक, वाहन मालिक सहित तीन लोग केबिन में फंस गए।

🟠3 घंटे तक चला जिंदगी बचाने का संघर्ष

घटना की सूचना मिलते ही थाना दुलदुला पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग, डायल-112, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए,तुरंत रेस्क्यू शुरू किया गया। कटर मशीन से ट्रक के केबिन और स्टेयरिंग को सावधानीपूर्वक काटकर तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को तत्काल जिला अस्पताल जशपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी हैं,और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही हैं।

🟠डीआईजी-एसएसपी खुद पहुंचे मौके पर, संभाली कमान

घटना की जानकारी मिलते ही,डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। उन्होंने पुलिस, फायर ब्रिगेड, पुलिस मितान और स्थानीय नागरिकों के साहस, तत्परता और टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से तीन लोगों की जान बचाई जा सकी।

🟠रेस्क्यू टीम होगी सम्मानित,मददगार नागरिकों को मिलेगा पुरस्कार

डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने घोषणा की कि इस साहसिक अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और रेस्क्यू टीम के सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, घायलों की मदद करने वाले स्थानीय नागरिकों के नाम ‘गुड सेमिरिटन (नेक नागरिक) योजना’ के तहत सम्मान और लाभ के लिए प्रशासन को भेजे जाएंगे।

🟠जशपुर पुलिस की अपील

पुलिस ने आम लोगों से अपील की हैं,कि सड़क दुर्घटना होने पर घटनास्थल छोड़कर न जाएं। तुरंत डायल-112 या नजदीकी पुलिस को सूचना दें और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए घायलों की मदद करें। कई बार आपकी एक सूचना और थोड़ी-सी मदद किसी की जिंदगी बचा सकती हैं।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!