न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,21जुलाई 2026
सरगुजा पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर,लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए,5 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। आरोपियों ने Bitget Wallet (LGNS) नामक क्रिप्टो प्लेटफॉर्म के माध्यम से निवेशकों को जोड़कर कम समय में कई गुना रिटर्न का लालच दिया और नकदी लेकर धोखाधड़ी की।यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना मणिपुर पुलिस ने की।
🟠₹10 हजार लगाओ, ₹1 लाख पाओ ऐसे दिया गया लालच
पुलिस के अनुसार, दरिमा थाना क्षेत्र के इंदरपुर निवासी विद्याचरण राव को उसके परिचितों ने शेयर और क्रिप्टो निवेश से अधिक मुनाफा होने की बात कहकर, अंबिकापुर के होटल फिल आनंदम में आयोजित एक सेमिनार में बुलाया। सेमिनार में प्रोजेक्टर और लैपटॉप के माध्यम से लोगों को बताया गया,कि Bitget Wallet (LGNS) में निवेश करने पर एक वर्ष में ₹10 हजार की राशि बढ़कर ₹1 लाख हो जाएगी।लालच में आकर पीड़ित ने मौके पर ₹10 हजार नकद जमा कर दिए, लेकिन बाद में खुद को ठगी का शिकार महसूस होने पर थाना मणिपुर में शिकायत दर्ज कराई।
🟠5 आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों तक फैले नेटवर्क के संकेत
जांच के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ,कि वे लगातार ऐसे सेमिनार आयोजित कर नए लोगों को जोड़ते थे और क्रिप्टो निवेश के नाम पर रकम जमा करवाते थे। जांच में यह भी सामने आया,कि इस नेटवर्क के तार बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों और दूसरे राज्यों तक जुड़े हो सकते हैं। कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी हैं।
🟠छापेमारी में जब्त हुआ डिजिटल सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप,लैपटॉप बैग,प्रोजेक्टर,स्पीकर,मोबाइल फोन,3 डायरी,1 नोटबुक,”Game Changer Academy” लिखी टी-शर्ट,चार्जिंग वायर,जब्त किए हैं। इन्हीं उपकरणों का उपयोग निवेशकों को प्रशिक्षण और झांसा देने के लिए किया जाता था।
🟠 न्यायालय में पेश, जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया हैं। साथ ही फरार आरोपियों और पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी हैं।
🟠सरगुजा पुलिस की अपील
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की हैं,कि कम समय में अधिक मुनाफा, गारंटीड रिटर्न या क्रिप्टो निवेश के नाम पर चल रहे किसी भी अनजान ऐप, वेबसाइट या सेमिनार के झांसे में न आएं। निवेश से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म की वैधता की जांच अवश्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर दें।












