संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,21जुलाई2026
छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने मंगलवार को,मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक लेकर,विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्ध मॉनिटरिंग और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
🟠सेवानिवृत्ति से दो साल पहले शुरू होगी प्रक्रिया
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए,कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के पेंशन एवं अन्य लंबित प्रकरणों की प्रक्रिया रिटायरमेंट से दो वर्ष पहले ही शुरू कर दी जाए। उन्होंने विभागवार ऐसे कर्मचारियों की अद्यतन सूची तैयार रखने और समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद किसी प्रकार की परेशानी न हो।
🟠योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए, मुख्य सचिव ने कहा,कि प्रत्येक सचिव अपने विभाग की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें और तय समय-सीमा में लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए जवाबदेही तय करने पर भी बल दिया।
🟠ई-ऑफिस और डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा
बैठक में ई-ऑफिस, आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली, लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति, ई-गजट, नियद नेल्लानार योजना, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी योजनाओं और सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से पूरी तरह ऑनलाइन करें, ताकि आम नागरिकों को पारदर्शी और त्वरित सेवाएं मिल सकें।
🟠आई-गॉट प्लेटफॉर्म पर अधिकारियों के प्रशिक्षण पर जोर
मुख्य सचिव ने विभागों को आई-गॉट (iGOT) प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिकारियों और कर्मचारियों का नियमित प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि विभाग अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग करें, जिससे प्रशासनिक दक्षता और सेवा गुणवत्ता में सुधार हो।बैठक में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












