अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,1अगस्त 2026
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विद्यार्थियों के लिए, विज्ञान के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर आया हैं। विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) परीक्षा के माध्यम से अब जिले के छात्र राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकेंगे। इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय स्तर के विज्ञान शिविरों में भागीदारी तथा ISRO, DRDO जैसी प्रतिष्ठित वैज्ञानिक संस्थाओं के भ्रमण का अवसर मिलेगा।इसी उद्देश्य से विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य समन्वयक विवेक पाठक ने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी तथा जिला शिक्षा अधिकारी से सौजन्य भेंट कर परीक्षा की रूपरेखा, उद्देश्य एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी साझा की।
🟠कक्षा 6वीं से 11वीं तक के विद्यार्थी ले सकते हैं, भाग
विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा में कक्षा 6वीं से 11वीं तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। परीक्षा का आयोजन चार चरणों में किया जाएगा,जिसमें चरणबद्ध चयन के बाद प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
🟠ऐसे होगा चयन
प्रत्येक राज्य से प्रत्येक कक्षा के शीर्ष 25 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय विज्ञान शिविर के लिए होगा।राज्य शिविर में चयनित विद्यार्थियों में से प्रत्येक कक्षा के शीर्ष 2 छात्र राष्ट्रीय स्तरीय शिविर में भाग लेंगे।इस प्रकार प्रत्येक राज्य से कुल 12 विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
🟠ISRO और DRDO के वैज्ञानिकों से सीखने का मौका
विवेक पाठक ने बताया कि विद्यार्थी विज्ञान मंथन का उद्देश्य केवल परीक्षा आयोजित करना नहीं,बल्कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार, अनुसंधान और रचनात्मक दृष्टिकोण विकसित करना हैं।इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को देश के अग्रणी वैज्ञानिकों एवं शिक्षाविदों से संवाद करने,भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान को समझने तथा ISRO, DRDO जैसी राष्ट्रीय संस्थाओं का भ्रमण करने का भी अवसर मिलेगा।
🟠अक्टूबर में जिले में आ सकता हैं,’स्पेस ऑन व्हील’
बैठक के दौरान ISRO द्वारा संचालित ‘स्पेस ऑन व्हील’ कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई।यह एक विशेष विज्ञान प्रदर्शनी वाहन हैं,जो विद्यालयों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, अंतरिक्ष तकनीक और आधुनिक वैज्ञानिक उपलब्धियों की जानकारी देता हैं।प्रस्तावित योजना के अनुसार अक्टूबर 2026 में इस कार्यक्रम को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आयोजित करने की संभावना हैं। साथ ही जिले के हायर सेकेंडरी विद्यालयों के विज्ञान शिक्षकों को ISRO के वैज्ञानिकों से सीधे मार्गदर्शन दिलाने की भी योजना पर चर्चा हुई।
🟠30 सितंबर तक करें ऑनलाइन पंजीयन
विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई हैं। इच्छुक विद्यार्थी समय रहते पंजीयन कर इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का हिस्सा बन सकते हैं।












