संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,3अगस्त2026
छत्तीसगढ़ सरकार ने दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण की, दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए,राजधानी रायपुर में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत 1,739 दिव्यांगजनों को लगभग ₹3.58 करोड़ की लागत के सहायक उपकरण वितरित किए। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में कहा,कि किसी भी संवेदनशील और विकसित समाज की पहचान इस बात से होती है कि वहां प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने का अधिकार मिले।सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, हियरिंग एड, कृत्रिम हाथ-पैर, वैशाखी, वॉकिंग स्टिक सहित विभिन्न आधुनिक सहायक उपकरण प्रदान किए।
🟠”दिव्यांग केवल सहायता नहीं, सम्मान के भी हकदार”
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “दिव्यांग” शब्द देकर समाज में सम्मान और आत्मगौरव का नया भाव जगाया हैं। यह केवल शब्द परिवर्तन नहीं, बल्कि समाज की सोच में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक हैं।उन्होंने कहा,कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास और पुनर्वास जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रही हैं।
🟠जुनेजा स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए ₹7 करोड़ की घोषणा
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम के जीर्णोद्धार, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के लिए ₹7 करोड़ की राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा,कि बेहतर खेल अधोसंरचना खिलाड़ियों के साथ-साथ सामाजिक और जनहितकारी आयोजनों के लिए भी आवश्यक हैं।
🟠1739 दिव्यांगजन हुए लाभान्वित
रायपुर जिले में विशेष स्क्रीनिंग अभियान के दौरान 1600 से अधिक दिव्यांगजनों की पहचान की गई। भारत सरकार से प्राप्त ₹3.58 करोड़ की सहायता से प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के तहत कुल 1,739 दिव्यांगजन लाभान्वित हो रहे हैं। इससे पहले 500 से अधिक हितग्राहियों को उपकरण वितरित किए जा चुके थे, जबकि इस कार्यक्रम में 1000 से अधिक लोगों को उपकरण प्रदान किए गए।
🟠सेवा सेतु एप और हेल्पलाइन 1076 का भी उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा,कि राज्य सरकार सुशासन को मजबूत बनाने के लिए ‘सेवा सेतु’ एप के माध्यम से 36 विभागों की 500 से अधिक सेवाएं घर बैठे उपलब्ध करा रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा हैं।
🟠नए प्रोजेक्ट्स का शुभारंभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रोजेक्ट सरल और प्रोजेक्ट गोल्डन आवर का शुभारंभ किया तथा “नवाचार से प्रगति पथ पर अग्रसर रायपुर” कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। उन्होंने रायपुर जिला प्रशासन के विभिन्न नवाचारों और जनहितकारी परियोजनाओं की सराहना करते हुए कहा,कि ऐसे प्रयास सुशासन को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी, अनुज शर्मा, इंद्रकुमार साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल, कलेक्टर गौरव सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।












