अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,4अगस्त2026
जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया हैं। मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें नशे के खिलाफ संयुक्त अभियान को और प्रभावी बनाने की रणनीति तैयार की गई।
🟠स्कूलों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर सख्त कार्रवाई
बैठक में कलेक्टर ने कोटपा (COTPA) एक्ट का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषेध नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।
🟠अवैध क्लीनिक और नियम तोड़ने वाले मेडिकल स्टोर रडार पर
कलेक्टर ने अधिकारियों को अवैध क्लीनिकों, बिना अनुमति संचालित स्वास्थ्य संस्थानों और नियमों का उल्लंघन करने वाले दवा विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिबंधित और एक्सपायरी दवाओं की बिक्री रोकने, निजी क्लीनिकों के लाइसेंस, दवा भंडारण और निर्धारित मानकों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा।
🟠होटल-ढाबों और चेक पोस्ट पर भी बढ़ेगी निगरानी
बैठक में होटलों और ढाबों का नियमित निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर एनडीपीएस एक्ट के तहत अब तक की कार्रवाई की जानकारी दी और जिले के सभी चेक पोस्टों पर वाहनों की सघन जांच कर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के निर्देश दिए।
🟠स्कूल-कॉलेजों में चलेगा नशा मुक्ति अभियान
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूलों और महाविद्यालयों में, व्यापक नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराकर स्वस्थ और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा सके।बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डेय, चेतन बोरघरिया, प्रमोद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।












