न्यूज डेस्क,जगदलपुर,छत्तीसगढ़,3अगस्त2026
बस्तर की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक सौंदर्य और सकारात्मक पहचान को रचनात्मक कला के माध्यम से, देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जगदलपुर में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग से देश की प्रतिष्ठित मासिक पत्रिका ‘कार्टून वॉच’ द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 10 विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की एक प्रभावी शक्ति हैं। उन्होंने कहा,कि कार्टून और कैरिकेचर मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक संदेशों को सरल और प्रभावशाली तरीके से लोगों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं।
🟠वरिष्ठ कलाकारों से मिला सीखने का अवसर
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने, लाइव डेमो के जरिए विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर बनाने की तकनीकें सिखाईं। साथ ही उन्होंने रचनात्मक सोच, कला के सामाजिक महत्व और इस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर भी विस्तार से जानकारी दी।
🟠बच्चों की कल्पनाओं में दिखा नया बस्तर
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता को रंगों और रेखाओं के माध्यम से कैनवास पर उतारा। बच्चों की कलाकृतियों में बस्तर का प्राकृतिक सौंदर्य, जनजातीय संस्कृति, पर्यटन, विकास और खुशहाली की झलक दिखाई दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के विकसित बस्तर के विजन को भी विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं में जीवंत रूप दिया।
🟠कला के जरिए बस्तर को मिलेगी नई पहचान
कार्यक्रम में बताया गया,कि चित्रकोट जलप्रपात, तीरथगढ़, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, बस्तर दशहरा और समृद्ध जनजातीय संस्कृति जैसी धरोहरों को, रचनात्मक कला के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा हैं।’कार्टून वॉच’ के संपादक त्र्यंबक शर्मा ने कहा,कि यह पहल विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ बस्तर की सकारात्मक छवि को देशभर तक पहुंचाने का अभिनव प्रयास हैं। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा और युवा अपनी संस्कृति एवं विरासत से और अधिक जुड़ सकेंगे।
🟠प्रतियोगिताओं में दिखा विद्यार्थियों का उत्साह
कार्यशाला के दौरान विभिन्न चित्रकला एवं कार्टून प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। समापन अवसर पर कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने वन मंत्री केदार कश्यप और महापौर संजय पांडेय का कैरिकेचर बनाकर उन्हें भेंट किया।इस अवसर पर महापौर संजय पांडेय, एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह, बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।












