Nexis News

हर-हर महादेव के जयघोष से शिवमय हुआ कबीरधाम,उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हजारों श्रद्धालुओं संग की 18 किमी भोरमदेव पदयात्रा

न्यूज डेस्क,कवर्धा,छत्तीसगढ़,3अगस्त2026

श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर कबीरधाम जिले में, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ऐतिहासिक एवं प्रसिद्ध बाबा भोरमदेव मंदिर तक आयोजित पारंपरिक पदयात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा हजारों श्रद्धालुओं के साथ शामिल हुए। ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल-बम’ के गगनभेदी जयघोष के बीच लगभग 18 किलोमीटर लंबी पदयात्रा ने पूरे क्षेत्र को शिवमय बना दिया।🟠बूढ़ा महादेव में पूजा के बाद शुरू हुई पदयात्रा

पदयात्रा की शुरुआत से पहले उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने,पंचमुखी बूढ़ा महादेव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद भगवा ध्वज हाथों में लेकर हजारों श्रद्धालुओं के साथ भोरमदेव मंदिर के लिए पदयात्रा का शुभारंभ किया गया।

🟠भोरमदेव हमारी आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक : विजय शर्मा

उपमुख्यमंत्री ने कहा,कि श्रावण मास का प्रथम सोमवार भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर हैं। बाबा भोरमदेव केवल एक प्राचीन मंदिर नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान का गौरव हैं। उन्होंने कहा,कि राज्य सरकार भोरमदेव धाम के संरक्षण, विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही हैं।🟠जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत, सेवा शिविर बने आकर्षण

कवर्धा से भोरमदेव मंदिर तक पूरे मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों, ग्राम पंचायतों, व्यापारिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने पदयात्रियों का पुष्पवर्षा, तिलक और मालाओं से स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए चाय, कॉफी, जूस, शरबत, नींबू पानी, फल, खीर-पूड़ी और अन्य प्रसाद की व्यवस्था की गई।

🟠हजारों श्रद्धालुओं ने बढ़ाया पदयात्रा का उत्साह

वर्ष 2008 से लगातार आयोजित हो रही भोरमदेव पदयात्रा में इस बार भी हजारों श्रद्धालु, कांवड़िये, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। पूरे मार्ग में भगवान शिव के जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण ने यात्रा को भव्य स्वरूप दिया।🟠शिव परिवार की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र

पदयात्रा के दौरान भगवान शिव, माता पार्वती, श्रीगणेश, नंदी और शिव परिवार पर आधारित आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्तों ने पूरे उत्साह के साथ झांकियों का स्वागत किया और धार्मिक वातावरण में शामिल होकर अपनी आस्था व्यक्त की।

🟠’बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का दिया संदेश

समनापुर के समीप महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता स्टॉल का अवलोकन करते हुए,उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।इस अवसर पर पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष बिसेसर पटेल, कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठन और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Comment

यह भी पढ़ें

error: Content is protected !!