न्यूज डेस्क,लखनपुर,छत्तीसगढ़,4अगस्त 2026
प्रदेश में सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में,पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सोमवार को सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित अपने निज निवास में जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें और सुझाव मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को, प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
🟠पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और राजस्व से जुड़े मामलों पर हुई सुनवाई
जनदर्शन में क्षेत्र के ग्रामीण एवं शहरी इलाकों से आए लोगों ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पर्यटन विकास तथा सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न मामलों को उठाया। मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई करने और नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
🟠जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी पूंजी : राजेश अग्रवाल
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने कहा,कि जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा,कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य तभी सार्थक होगा, जब अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान हो। जनदर्शन शासन और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम हैं।
🟠संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन पर जोर
मंत्री ने कहा,कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।












