न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,4अगस्त 2026
सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में एक बार फिर चोरों ने,पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया हैं। गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित कोणार्क रेसिडेंसी में नेशनल हाईवे विभाग (NHAI) में,पदस्थ सब इंजीनियर रितेश सिंह के सूने मकान से शातिर चोर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए। वारदात शनिवार और रविवार की दरमियानी रात की बताई जा रही हैं।
🟠काशी दर्शन पर गया था परिवार, सूना मकान बना निशाना
जानकारी के अनुसार, रितेश सिंह अपने परिवार के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने वाराणसी गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान को निशाना बनाया। बदमाशों ने घर के मुख्य गेट का सेंट्रल लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया और एक-एक कमरे को खंगालते हुए अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।
🟠सबूत मिटाने के लिए CCTV का DVR भी ले गए
चोर सिर्फ जेवरात ही नहीं ले गए, बल्कि अपनी पहचान छिपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का DVR भी उखाड़कर साथ ले गए। इससे अंदाजा लगाया जा रहा हैं,कि बदमाश पूरी तैयारी और रेकी के बाद वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे।
🟠एक साल पहले भी इसी कॉलोनी में हुई थी ₹30 लाख की चोरी
कोणार्क रेसिडेंसी में यह पहली बड़ी चोरी नहीं हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक करीब एक वर्ष पहले भी इसी कॉलोनी में लगभग 30 लाख रुपये की चोरी हुई थी। उस मामले में भी पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी हैं। लगातार हो रही बड़ी चोरियों से कॉलोनीवासियों में भय और नाराजगी का माहौल हैं।
🟠पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
पीड़ित रितेश सिंह की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं।अब देखना होगा कि इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा पुलिस कब तक कर पाती हैं।











