अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,9अगस्त2026
भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार 14 अगस्त को,बलरामपुर जिले में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत विभाजन के दौरान हुई वास्तविक घटनाओं से अवगत कराना और विभाजन से प्रभावित लाखों लोगों के साहस,संघर्ष एवं बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करना हैं।कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अन्य संबंधित संस्थाओं में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के तहत प्रदर्शनी, परिचर्चा, संगोष्ठी, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन सहित अन्य जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित होंगी।
🟠कैंडल मार्च के जरिए दिया जाएगा एकता और सद्भाव का संदेश
विभाजन की पीड़ा से जुड़े लोगों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को स्मरण करते हुए,कैंडल मार्च भी आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।प्रदर्शनियों और अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से विभाजन के दौरान घटित महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं तथा उससे प्रभावित लोगों के संघर्ष और अनुभवों को सामने लाया जाएगा। इससे युवा पीढ़ी को इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय को समझने का अवसर मिलेगा।
🟠कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं शैक्षणिक संस्थानों को 14 अगस्त को आयोजित होने वाले, कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं,ताकि अधिक से अधिक लोग इन कार्यक्रमों में शामिल हो सकें।जिले में आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विभाजन की विभीषिका से जुड़ी,ऐतिहासिक घटनाओं से नई पीढ़ी को परिचित कराने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को और मजबूत करना हैं।












