न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,12अगस्त2026
नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए,गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से गिरफ्तार किया हैं। दोनों आरोपियों को जशपुर लाकर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया हैं।पुलिस के मुताबिक 12 मई 2026 को चौकी दोकड़ा क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से 207 किलो गांजा बरामद किया गया था। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को कच्चे आम से भरे प्लास्टिक कैरेट के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजे के साथ तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की थी।
🟠आम की आड़ में हो रही थी गांजे की तस्करी
मुखबिर से सूचना मिलने के बाद दोकड़ा पुलिस ने ग्राम देवरी के पास नाकाबंदी की। संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेजी से भगाने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए,बहाल जोर के पास वाहन को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान पिकअप की ट्रॉली में प्लास्टिक कैरेट में कच्चे आम भरे मिले।आम हटाने पर नीचे खाकी रंग की प्लास्टिक टेप में लिपटे गांजे के पैकेट बरामद हुए। कुल 207 पैकेट में 207 किलो गांजा मिला।
🟠एक करोड़ से ज्यादा की हुई थी जब्ती
पुलिस ने मामले में कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपए की संपत्ति जब्त की थी। इसमें करीब 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपए कीमत का गांजा, 10 लाख रुपए कीमत का पिकअप वाहन, करीब 10 हजार रुपए का मोबाइल फोन और 550 रुपए नकद शामिल हैं।इस मामले में पहले आरोपी प्रेमनाथ सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका था। पुलिस की एंड-टू-एंड विवेचना के दौरान तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की गई।
🟠प्रयागराज से पकड़े गए दो फरार आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली,कि मामले में शामिल शारदा केसरवानी (19 वर्ष) और मनीष पासी (28 वर्ष) प्रयागराज, उत्तर प्रदेश क्षेत्र में छिपे हुए हैं। इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष टीम उत्तर प्रदेश रवाना की गई।पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को प्रयागराज से गिरफ्तार किया और जशपुर लेकर आई। पूछताछ एवं पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
🟠फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस टीम की अहम भूमिका
कार्रवाई में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक संतोष सिंह, प्रधान आरक्षक इग्नेशियूस, आरक्षक सुरेंद्र यादव और जयप्रताप एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा,कि मामले में पुलिस की एंड-टू-एंड विवेचना जारी हैं,और तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।












