संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,13अगस्त2026
चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मेडिकल कॉलेजों में इंटर्न्स की समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर आईएमए, प्रतिनिधियों एवं विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स के साथ बैठक की। आयुक्त चिकित्सा शिक्षा रितेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इंटर्न्स की समस्याओं पर,विस्तार से चर्चा की गई और उनके समाधान को लेकर सकारात्मक बातचीत हुई।
🟠स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर विचार का आश्वासन
बैठक में इंटर्न्स ने अपनी प्रमुख मांग रखते हुए स्टाइपेंड बढ़ाने का मुद्दा उठाया। इस पर विभाग की ओर से बताया गया,कि छात्र हित में सरकार द्वारा हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। इंटर्न्स की स्टाइपेंड संबंधी मांग पर भी गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया गया।
🟠मेडिकल कॉलेजों में हॉस्टल निर्माण को मंजूरी
बैठक में इंटर्न्स और मेडिकल छात्रों की आवास संबंधी सुविधाओं को लेकर भी जानकारी साझा की गई। विभाग ने बताया,कि चालू वित्तीय वर्ष के बजट में लगभग सभी मेडिकल कॉलेजों में छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल स्वीकृत किए गए हैं। इससे मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवास की सुविधा मिलने की उम्मीद हैं।
🟠स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न करने की अपील
बैठक के दौरान सभी उपस्थित सदस्यों से अपील की गई,कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे तौर पर आमजन के हित से जुड़ी हैं। ऐसे में किसी भी परिस्थिति में मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होनी चाहिए। विभाग ने संवाद और आपसी सहयोग के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने पर जोर दिया।
🟠बैठक को बताया सकारात्मक पहल
IMA-MSN Chhattisgarh के संयोजक शाहदिल ख़ुसरू ने कहा कि बैठक इंटर्न्स की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक पहल रही। दोनों पक्षों के बीच सकारात्मक माहौल में चर्चा हुई और आगे भी संवाद एवं सहयोग की भावना बनाए रखने पर सहमति बनी।उन्होंने उम्मीद जताई,कि प्रशासन और इंटर्न्स के बीच इसी तरह बातचीत जारी रहेगी और मांगों का जल्द संतोषजनक समाधान निकलेगा।
🟠कई मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न्स रहे मौजूद
बैठक में पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय, रायपुर (PT. JNM Raipur), छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान, बिलासपुर (CIMS Bilaspur), शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय राजनांदगांव, शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कांकेर और शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर के इंटर्न्स शामिल हुए।












