संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,13अगस्त2026
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने, दुर्ग परिक्षेत्र के सभी संभागों में चल रहे सड़क एवं भवन निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय ‘निर्माण भवन’ में, आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, समय-सीमा और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में प्रस्तावित, स्वीकृत और निर्माणाधीन कार्यों के साथ निविदा प्रक्रिया, बिलों के भुगतान और विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। सचिव ने ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे कार्यों का नियमित मूल्यांकन करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
🟠बारिश और बाढ़ से खराब सड़कों-पुलों की मरम्मत सर्वोच्च प्राथमिकता
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने वर्षा ऋतु के बाद अतिवृष्टि और बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं पुलों के, निर्माण और सुधार कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा,कि प्रभावित मार्गों पर आवागमन जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।उन्होंने चालू मानसून के दौरान सड़कों की पेच रिपेयरिंग और गड्ढों की मरम्मत तत्काल कराने के निर्देश दिए। परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत भी ठेकेदारों को नोटिस जारी कर सुनिश्चित करने को कहा गया।
🟠31 अगस्त तक निविदा प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
बंसल ने बरसात के बाद बीटी पेच रिपेयरिंग के कार्यों को युद्ध स्तर पर शुरू करने के लिए,31 अगस्त तक निविदा प्रक्रिया पूरी करने और एजेंसियों का निर्धारण करने के निर्देश दिए।उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार पूरा कराने तथा ठेकेदारों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने को कहा।
🟠अभियंताओं को सप्ताह में दो दिन साइट निरीक्षण के निर्देश
सचिव ने मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंताओं को हर महीने कार्यपालन अभियंताओं एवं अनुविभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर निर्माण कार्यों, निविदा प्रक्रिया, बिल भुगतान, न्यायालयीन मामलों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करने को कहा।उन्होंने सभी अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्माण स्थलों का दौरा कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी करने के निर्देश दिए।बैठक में पहुंचविहीन गांवों को बारहमासी सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए प्रस्तावित सड़कों और पुलों तथा द्रुतगामी सड़कों के प्रस्तावों की भी समीक्षा की गई। आपसी सहमति से होने वाले भू-अर्जन की प्रक्रिया तीन महीने में पूरी करने और भू-अर्जन के बाद तत्काल नामांतरण कराने के निर्देश दिए गए।
🟠पूर्ण कार्यों के देयकों का तीन माह में भुगतान
बंसल ने पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों के जीएसटी, रॉयल्टी, ठेकेदारों के अंतिम भुगतान सहित सभी देयकों का भुगतान 30 सितंबर तक करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि कार्य पूर्ण होने के तीन महीने के भीतर सभी देयकों का भुगतान कर संबंधित प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए जाएं और PWD-IMS में कार्यों को क्लोज किया जाए।आयोजनों एवं कार्यक्रमों से संबंधित बिलों का भुगतान भी नियमित रूप से एक माह के भीतर करने के निर्देश दिए गए।
🟠PWD-IMS में सभी कार्यों की एंट्री 31 अगस्त तक
सचिव ने विभाग के सभी कार्यों की PWD-IMS में एंट्री 31 अगस्त तक पूर्ण करने को कहा। वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के प्राथमिकता वाले नए, कार्यों के प्राक्कलन भी निर्धारित समय-सीमा में जमा करने के निर्देश दिए।उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, CPGRAMS और लोक सेवा गारंटी से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का त्वरित निराकरण करने को कहा। कार्यपालन अभियंताओं को हर 15 दिन में इन पोर्टल्स की समीक्षा कर लंबित मामलों की स्थिति से अवगत रहने के निर्देश दिए गए।
🟠लंबित पेंशन और न्यायालयीन मामलों की भी समीक्षा
बैठक में अनुकंपा नियुक्ति, न्यायालयीन प्रकरणों और लंबित पेंशन मामलों की भी समीक्षा की गई। सचिव ने लंबित पेंशन प्रकरणों को 30 सितंबर तक निराकृत करने के निर्देश दिए। इस वर्ष सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों से संबंधित आवश्यक प्रमाण पत्र भी समय पर संकलित करने को कहा गया।बैठक में लोक निर्माण विभाग के अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता एन.के. जयंत, विद्युत एवं यांत्रिकी परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता टी.आर. कुंजाम सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, दुर्ग परिक्षेत्र के सभी सात संभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।












