स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर पुलिस परेड ग्राउंड में किया ध्वजारोहण, 17 प्लाटूनों ने किया आकर्षक मार्च पास्ट

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,15अगस्त2026

राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का 80वां पर्व हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश भी पढ़ा।

🟠17 प्लाटूनों ने किया शानदार मार्च पास्ट

स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुल 17 प्लाटूनों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। मार्च पास्ट का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी विमल कुमार पाठक ने किया, जबकि परेड के टूआईसी निशांत गौरव कुर्रे रहे।इस बार बिहार पुलिस की टुकड़ी को आमंत्रित वर्ग के रूप में परेड में शामिल किया गया। परेड में सीमा सुरक्षा बल, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी, बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और डॉग स्क्वॉड ने हिस्सा लिया। महिला बैग पाइपर बैंड दल की प्रस्तुति भी समारोह का विशेष आकर्षण रही।🟠आईटीबीपी को मिला पहला स्थान

केन्द्रीय बलों की श्रेणी में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की टुकड़ी ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता दल को मुख्यमंत्री ने 5 हजार रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। सीमा सुरक्षा बल दूसरे और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल तीसरे स्थान पर रहा। बीएसएफ को 3 हजार और सीआरपीएफ को 2 हजार रुपये नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।

🟠छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला दल अव्वल

राज्य बलों की श्रेणी में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला दल ने पहला स्थान हासिल किया। विजेता दल को 5 हजार रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ जेल पुलिस को दूसरा और छत्तीसगढ़ सशस्त्र पुलिस बल पुरुष दल को तीसरा स्थान मिला। दोनों दलों को क्रमशः 3 हजार और 2 हजार रुपये की नकद राशि के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।🟠एनसीसी गर्ल्स ने मारी बाजी

कंटीजेंट एनसीसी वर्ग में एनसीसी गर्ल्स ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि एनसीसी बॉयज दूसरे स्थान पर रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दोनों दलों के कमांडरों को ट्रॉफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।समारोह के दौरान परेड-टू-आईसी निशांत गौरव कुर्रे, परेड कमांडर विमल कुमार पाठक, महिला बैग पाइपर दल की कमांडर सोनबती ठाकुर, घुड़सवार दल के कमांडर  अनिल यादव और श्वान दल के कमांडर राज कपूर सहित परेड प्रस्तुतियों में योगदान देने वाले डॉ. अनुराधा दुबे और मनीष परमानंद को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें