संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,18अगस्त2026
वर्षा ऋतु की खूबसूरती, प्रकृति के बदलते रंग और भारतीय शास्त्रीय कला का अनूठा संगम रायपुर में, देखने को मिलेगा। संस्कृति विभाग, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ‘विभागीय आयोजन 2026’ की श्रृंखला के तहत विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘पावस प्रसंग’ का आयोजन किया जा रहा हैं। कार्यक्रम 21, 22, 24 और 25 अगस्त को रायपुर के मुक्ताकाशी मंच, महंत घासीदास संग्रहालय परिसर, सिविल लाइंस में होगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिदिन शाम 7 बजे से होगी।
🟠नृत्य और संगीत में दिखेगा सावन का रंग
‘पावस प्रसंग’ में वर्षा ऋतु की प्राकृतिक सुंदरता, उमंग और मानवीय भावनाओं को भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। बादलों की गड़गड़ाहट, बारिश की रिमझिम, हरियाली और प्रकृति में नवजीवन जैसे दृश्यों को कलाकार अपनी नृत्य मुद्राओं, भावाभिव्यक्ति और सुरों के माध्यम से जीवंत करेंगे।भारतीय शास्त्रीय कला परंपरा में वर्षा ऋतु का विशेष स्थान रहा हैं। सावन से जुड़े भावों और प्रकृति के साथ मनुष्य के गहरे संबंध को कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों के सामने रखेंगे।
🟠मुक्ताकाशी मंच पर सजेगी सुरमयी शाम
मुक्ताकाशी मंच पर होने वाले इस आयोजन में कला प्रेमियों को शास्त्रीय नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां देखने-सुनने का अवसर मिलेगा। खुले मंच और संग्रहालय परिसर का वातावरण कार्यक्रम की सांस्कृतिक अनुभूति को और खास बनाएगा।
🟠कलाकारों और दर्शकों के बीच बनेगा सांस्कृतिक संवाद
संस्कृति विभाग का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना ही नहीं, बल्कि शास्त्रीय कला विधाओं को बढ़ावा देना और आम लोगों को भारतीय कला परंपराओं से जोड़ना भी हैं। ‘पावस प्रसंग’ के माध्यम से कलाकारों को मंच मिलने के साथ दर्शकों को भी उच्चस्तरीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अनुभव मिलेगा।विभागीय आयोजन 2026 की श्रृंखला के तहत आयोजित यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ सहित देश की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को मंच देने की दिशा में एक और पहल हैं।
🟠कला प्रेमियों से शामिल होने की अपील
संस्कृति विभाग ने रायपुर के कला एवं संस्कृति प्रेमियों से 21, 22, 24 और 25 अगस्त को शाम 7 बजे आयोजित होने वाले ‘पावस प्रसंग’ में शामिल होने का आह्वान किया हैं। सावन की प्राकृतिक सुंदरता और शास्त्रीय कला के इस संगम से रायपुर में चार शामें सुर, ताल और भावों से सराबोर रहेंगी।












