न्यूज डेस्क,पेण्ड्रा,छत्तीसगढ़,18अगस्त2026
रिमझिम बारिश के बीच पेण्ड्रा के फिजिकल कॉलेज मैदान में मंगलवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने, ध्वजारोहण कर 18 से 21 अगस्त तक चलने वाली चार दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस दौरान पांचों संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया, वहीं स्कूली छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए।
🟠पांचों संभागों के 540 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
प्रतियोगिता में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के कुल 540 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। चार दिवसीय आयोजन में जिम्नास्टिक, कबड्डी, क्रिकेट और ताइक्वांडो की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।जिम्नास्टिक में बालक एवं बालिका, कबड्डी में बालिका, क्रिकेट में बालक तथा ताइक्वांडो में बालक एवं बालिका खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
🟠खिलाड़ियों को दिलाई खेल भावना की शपथ
उद्घाटन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने, सभी खिलाड़ियों को खेल नियमों का पालन करने और अनुशासन,निष्ठा तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ दिलाई।उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा,कि खेल केवल जीत हासिल करने का माध्यम नहीं हैं,बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष की भावना विकसित होती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से तनाव और अवसाद से दूर रहकर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
🟠रंग-बिरंगे परिधानों में हुआ आकर्षक मार्चपास्ट
उद्घाटन समारोह में पांचों संभागों से आए खिलाड़ियों का मार्चपास्ट विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। अलग-अलग रंगों की आकर्षक पोशाकों में सजे खिलाड़ियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ मार्चपास्ट किया। खिलाड़ियों के जोश से पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।इसके साथ ही स्कूली छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हुए शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिसने दर्शकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
🟠चार स्थानों पर होंगी खेल स्पर्धाएं
प्रतियोगिता के तहत जिम्नास्टिक की स्पर्धाएं जिम्नास्टिक हॉल, गुरुकुल गौरेला, क्रिकेट की फिजिकल कॉलेज मैदान, गुरुकुल पेण्ड्रा, ताइक्वांडो की जनपद सभागार पेण्ड्रा और कबड्डी की स्पर्धाएं कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र पेण्ड्रा में आयोजित की जा रही हैं।
🟠खेल सुविधाओं के विस्तार की घोषणा
कार्यक्रम में कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। फिजिकल कॉलेज मैदान में भविष्य में खेल एवं अन्य सार्वजनिक आयोजनों के लिए बड़े और सुसज्जित मंच के निर्माण की घोषणा भी की गई। सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने 10 लाख रुपये और विधायक श्री अटल श्रीवास्तव ने 5 लाख रुपये, यानी कुल 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।
🟠खिलाड़ियों की सुविधा और सुरक्षा पर जोर
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए,आयोजन से जुड़े अधिकारियों को खिलाड़ियों की सुविधा,सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।चार दिनों तक चलने वाली यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता प्रदेशभर के स्कूली खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण मंच दे रही हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को खेल कौशल के साथ टीम भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख भी मिलेगी।












