न्यूज डेस्क,जशपुर,छत्तीसगढ़,22सितंबर2026
गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत,जशपुर पुलिस ने रात में बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 गौवंशों को बरामद किया हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं,जबकि एक अन्य संदिग्ध पिकअप चालक अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो पिकअप वाहन भी जब्त किए हैं।पुलिस के अनुसार,आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया हैं।
🟠कुनकुरी की ओर से आ रहे थे दो संदिग्ध पिकअप
पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर 2026 की रात सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को सूचना मिली थी,कि दो संदिग्ध पिकअप वाहनों में बड़ी संख्या में गौवंशों को, कथित रूप से ठूंस-ठूंसकर भरकर झारखंड की ओर ले जाया जा रहा हैं।सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।
🟠चांपा टोली के पास रात में नाकाबंदी
रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच पुलिस टीम ने गौ सेवकों के सहयोग से चांपा टोली जशपुर के पास,हाईवे पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।इसी दौरान कुनकुरी की ओर से पिकअप क्रमांक JH 07M 9843 आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो उसमें चार गौवंश लदे मिले। वाहन में सवार दो संदिग्धों से पुलिस ने गौवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन पुलिस के अनुसार वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आर्यन (20), निवासी आगडीह महुआ टोली और राकेश राम (28), निवासी पैकू, थाना सिटी कोतवाली जशपुर के रूप में हुई हैं।
🟠दूसरे पिकअप से भी मिले चार गौवंश
कार्रवाई के दौरान पुलिस को कुछ दूरी पर एक और संदिग्ध पिकअप CG 13BB 8096 आती दिखाई दी। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन छोड़ दिया और अंधेरे एवं जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।पुलिस ने दूसरे पिकअप की तलाशी ली तो उसमें भी चार गौवंश लदे मिले। इस तरह दोनों वाहनों से पुलिस ने कुल 8 गौवंशों को सकुशल बरामद किया।फरार चालक की पहचान और तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार पता-साजी कर रही हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच के दौरान मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भी पहचान की गई हैं।
🟠दो पिकअप वाहन जब्त,अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान JH 07M 9843 और CG 13BB 8096 दोनों पिकअप वाहनों को जब्त कर लिया हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की पहचान की गई हैं,और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।पुलिस का कहना हैं,कि मामले में आरोपियों से पूछताछ के दौरान अपराध में संलिप्तता से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया हैं।
🟠पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, पीएसआई जितेंद्र, पीएसआई लक्ष्मी मरकाम, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक राम प्रताप यादव और नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही हैं। फरार संदिग्धों की तलाश के साथ पुलिस मामले के पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।












