माल्यार्पण से श्रमदान तक : गांधी जयंती पर साप्ताहिक बाजार में दिखी स्वच्छता की अनूठी तस्वीर

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,2अक्टूबर 2026

गांधी जयंती के अवसर पर बलरामपुर के साप्ताहिक बाजार में स्वच्छता का एक प्रेरक दृश्य देखने को मिला। सामान्य दिनों में जहां सब्जी,अनाज और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान खरीदने के लिए लोगों की भीड़ रहती हैं,वहीं गांधी जयंती की सुबह जिले के वरिष्ठ अधिकारी हाथों में झाड़ू और रंग के ब्रश लेकर सफाई करते नजर आए।सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने, आम लोगों के साथ मिलकर श्रमदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की।🟠गांधी जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों को याद करते हुए कहा,कि बापू ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से दुनिया को नई दिशा दिखाई। उनके लिए स्वच्छता केवल आसपास की गंदगी हटाने तक सीमित नहीं थी,बल्कि यह आत्मअनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भी प्रतीक थी।उन्होंने कहा,कि गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सादगी जैसे आदर्श आज भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। यदि हर नागरिक अपने घर, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं उठाए, तो स्वच्छ और स्वस्थ समाज बनाने की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता हैं।🟠कलेक्टर-एसपी-डीएफओ ने खुद संभाली सफाई की कमान

कार्यक्रम के संबोधन के बाद कलेक्टर स्वयं झाड़ू लेकर सफाई अभियान में जुट गईं। उनके साथ पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी ने भी श्रमदान किया।अधिकारियों ने साप्ताहिक बाजार के शेड और बैठक स्थलों की सफाई करने के साथ ही ब्रश से पुताई का काम भी किया। लंबे समय से बेरंग नजर आ रही दीवारों और बाजार की संरचनाओं पर रंग किया गया, जिससे बाजार परिसर का स्वरूप बदला हुआ नजर आया।🟠अधिकारियों के साथ आम लोगों ने भी बढ़ाया हाथ

जब जिले के वरिष्ठ अधिकारी आम नागरिकों के साथ मिलकर सफाई करते दिखाई दिए तो स्वच्छता दीदियों, युवा स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों का उत्साह भी बढ़ गया। सभी ने मिलकर करीब एक घंटे तक सामूहिक श्रमदान किया।श्रमदान के बाद बाजार परिसर पहले की तुलना में अधिक साफ-सुथरा और व्यवस्थित नजर आया। यह अभियान इस संदेश के साथ भी जुड़ा रहा,कि सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं हैं,बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी हैं।🟠स्वच्छता के साथ नशामुक्त समाज का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण का भी संकल्प लिया। सभी ने शपथ लेकर अपने आसपास स्वच्छता रखने और समाज को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने की प्रतिबद्धता जताई।कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पार्षद स्वाति गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप एक्का, जनप्रतिनिधि, स्वच्छता दीदियां, युवा स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।गांधी जयंती पर साप्ताहिक बाजार में हुआ यह श्रमदान केवल एक दिन की सफाई गतिविधि तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों को सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने और सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देता नजर आया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें