अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,6अक्टूबर2026
ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से,सेवा सेतु अभियान-2026 के अंतर्गत सोमवार को शंकरगढ़ विकासखंड के क्लस्टर ग्राम दुर्गापुर में शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में, आयोजित शिविर में क्लस्टर की 15 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।शिविर में कुल 41 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 7 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं शेष 34 आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
🟠खाद्य विभाग से सबसे ज्यादा 13 आवेदन
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं और मांगों को लेकर ग्रामीणों ने आवेदन दिए। इनमें सबसे अधिक 13 आवेदन खाद्य विभाग से संबंधित रहे। इनमें से 6 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया।इसके अलावा वन विभाग से संबंधित 7 आवेदन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से 6 आवेदन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से 5 आवेदन तथा राजस्व विभाग से संबंधित 4 आवेदन प्राप्त हुए।विभागवार प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और पात्रता एवं नियमों के अनुसार उनके निराकरण की प्रक्रिया शुरू की।
🟠ग्रामीणों को योजनाओं की दी गई जानकारी
शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन लेना ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और उनके लाभ की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देना भी रहा। अलग-अलग विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर विभागीय योजनाओं, पात्रता और आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी।इससे ग्रामीणों को अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए जरूरी जानकारी स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हुई।
🟠बेटियों के नाम पर चंदन के पौधे भेंट
शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बेटियों के नाम पर दो परिवारों को चंदन के पौधे भेंट किए गए। इस पहल के माध्यम से बेटियों के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।शिविर में ग्रामीणों की भागीदारी के साथ विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सक्रिय रूप से अपनी जिम्मेदारी निभाई।
🟠जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में जनपद पंचायत शंकरगढ़ की उपाध्यक्ष प्रियंवदा सिंह देव और जिला पंचायत सदस्य गीता पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।इस अवसर पर मुकेश कश्यप, सरपंच संघ अध्यक्ष बुधना राम, जनपद सदस्य गायत्री पैकरा, जनपद पंचायत सीईओ वेदप्रकाश पाण्डेय, तहसीलदार दानिश परवेज सहित खंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच, सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
🟠समय-सीमा में होगा लंबित आवेदनों का निराकरण
शिविर में प्राप्त 34 लंबित आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई हैं। सेवा सेतु अभियान के तहत इस तरह के शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनना, संबंधित विभाग तक पहुंचाना और उनके समाधान की प्रक्रिया को आसान बनाना हैं।












