सेवा सेतु शिविर परसागुड़ी में 29 आवेदन, सांसद ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,6अक्टूबर2026

ग्रामीणों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनने और उनके समाधान की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से, सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को राजपुर, विकासखंड के ग्राम पंचायत परसागुड़ी में सेवा सेतु जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्लस्टर की आठ ग्राम पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के सामने रखीं।शिविर के मुख्य अतिथि सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करते हुए समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

🟠हैंडपंप से लेकर सिंचाई बिजली लाइन तक पर जोर

शिविर में ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सिंचाई और आवास सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। सांसद ने खराब हैंडपंपों की मरम्मत कराने और गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए।सिंचाई सुविधा को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर बिजली लाइन विस्तार की दिशा में कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही किसानों से जुड़े एग्रीस्टैक कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए गए, ताकि संबंधित कार्य समय पर पूरे हो सकें।

🟠अधूरे प्रधानमंत्री आवास जल्द शुरू कराने के निर्देश

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ऐसे आवास जो अभी तक पूर्ण नहीं हुए हैं,उनके निर्माण को दोबारा शुरू कराने और प्रगति सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। सांसद ने अधिकारियों को पात्र हितग्राहियों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए,आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।वहीं राजस्व से संबंधित मामलों को लेकर तहसीलदार को फौती, नामांतरण तथा जाति और निवास प्रमाण पत्र से जुड़े प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

🟠महतारी वंदन ई-केवाईसी जल्द कराने पर जोर

शिविर की अध्यक्षता कर रहीं सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए,ताकि पात्र हितग्राही योजना से जुड़े लाभ से वंचित न रहें।उन्होंने पात्र ग्रामीणों को स्मार्ट कार्ड, पीएम किसान और राशन कार्ड जैसी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया तेज करने पर भी जोर दिया।

🟠परसागुड़ी में महतारी सदन निर्माण की घोषणा

विधायक ने क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई मुद्दों पर भी बात की। उन्होंने धान खरीदी केंद्र जल्द शुरू करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही परसागुड़ी में महतारी सदन के निर्माण की घोषणा की।महतारी सदन के माध्यम से स्थानीय स्तर पर महिलाओं और समुदाय से जुड़ी गतिविधियों के लिए सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।

🟠29 आवेदन मिले, विभागीय स्टॉल से दी गई जानकारी

सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की ओर से कुल 29 आवेदन प्राप्त हुए। ये सभी आवेदन मांग से संबंधित रहे। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी।इस दौरान पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री का वितरण भी किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराना रहा।

🟠जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष विनय भगत, जनपद पंचायत सीईओ संजय दुबे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें