अर्पित तिवारी,बलरामपुर,छत्तीसगढ़,8अक्टूबर2026
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव और रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम के रामानुजगंज पहुंचने पर समर्थकों और नगरवासियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद अरुण साव का रामानुजगंज में यह पहला आगमन बताया गया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के अध्यक्ष रमन अग्रवाल के नेतृत्व में, अग्रसेन चौक के पास नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस दौरान सांसद चिंतामणि महाराज भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। स्वागत कार्यक्रम के बाद तीनों जनप्रतिनिधि अग्रसेन वाटिका पहुंचे, जहां उन्होंने महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
🟠अग्रसेन चौक पर सुबह से दिखा उत्सव जैसा माहौल
रामानुजगंज की सीमा स्थित अग्रसेन चौक पर सुबह से ही, समर्थकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी। जैसे ही उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कृषि मंत्री रामविचार नेताम का काफिला वहां पहुंचा, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल की अगुवाई में दोनों नेताओं को फूल-मालाएं पहनाई गईं। इस दौरान कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने उनका अभिनंदन किया।उपमुख्यमंत्री अरुण साव का रामानुजगंज प्रवास उनके बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के निर्धारित दौरे का हिस्सा हैं। प्रवास के दौरान उनके और कृषि मंत्री रामविचार नेताम की मौजूदगी में जिले में 121 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 49 विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास के कार्यक्रम भी निर्धारित हैं।
🟠आरती और पुष्पवर्षा से हुआ आत्मीय स्वागत
स्वागत कार्यक्रम के दौरान भारतीय परंपरा के अनुरूप आरती की थाल सजाई गई। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कृषि मंत्री रामविचार नेताम की आरती उतारी गई तथा तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया गया।इस दौरान समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर दोनों नेताओं का स्वागत किया। फूल-मालाओं और पारंपरिक स्वागत से अग्रसेन चौक का माहौल उत्सवमय नजर आया। समर्थकों ने दोनों नेताओं के प्रति अपना उत्साह और सम्मान व्यक्त किया।
🟠अग्रसेन वाटिका पहुंचकर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर किया पूजन
स्वागत कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और सांसद चिंतामणि महाराज अग्रसेन वाटिका पहुंचे। यहां उन्होंने परिसर में स्थापित महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और माल्यार्पण किया।इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी महाराजा अग्रसेन के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
🟠विकास कार्यों की सौगात के बीच रामानुजगंज पहुंचे दोनों नेता
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के इस प्रवास के दौरान बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में विभिन्न विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। उपलब्ध कार्यक्रम जानकारी के अनुसार जिले में 121 करोड़ 33 लाख रुपये से अधिक लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास किया जाना हैं। इनमें 41 कार्यों का लोकार्पण और 8 कार्यों का भूमिपूजन-शिलान्यास शामिल हैं।इनमें पेयजल योजनाओं, उच्चस्तरीय पुलों, सड़क, शिक्षा और नगरीय सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। प्रवास के दौरान रामानुजगंज में विभागीय समीक्षा बैठक भी निर्धारित हैं। इसके बाद आरागाही-ताम्बेश्वरनगर खेल मैदान में विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास तथा स्वर्गीय सूर्यप्रकाश नेताम स्मृति फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन समारोह में शामिल होने का कार्यक्रम हैं।
🟠कार्यक्रम में प्रमुख उपस्थिति
🔸️अरुण साव – उपमुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन
🔸️रामविचार नेताम – विधायक, रामानुजगंज एवं कृषि मंत्री
🔸️चिंतामणि महाराज – सांसद
🔸️रमन अग्रवाल – अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद रामानुजगंज
🔸️स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी एवं समर्थक उपस्थित रहे।












