संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़/3नवंबर2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
नवा रायपुर के राज्योत्सव मैदान में आयोजित “छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव 2025” में जनसंपर्क विभाग की भव्य डिजिटल प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। 1 नवम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के बाद से बड़ी संख्या में आगंतुक यहां पहुंच रहे हैं,और राज्य की 25 वर्षों की गौरवशाली विकास यात्रा को आधुनिक डिजिटल माध्यमों से देख रहे हैं।
आगंतुकों ने प्रदर्शनी को देखकर अपनी भावनाएं साझा कीं। रायपुर के उकेश्वर पटेल ने कहा — “राज्य की 25 वर्षों की यात्रा को इतनी आधुनिक और भावनात्मक प्रस्तुति में देखना गर्व की बात हैं। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास को शानदार डिजिटल रूप में दिखाया गया हैं।”
यह प्रदर्शनी अत्याधुनिक डिजिटल तकनीकों पर आधारित हैं। इसमें वॉल्यूमेट्रिक और गतिशील एलईडी तकनीक, क्यूआर कोड आधारित जानकारी, डिजिटल कियोस्क और टच पॉइंट्स के माध्यम से योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही हैं।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि और पर्यटन विकास योजनाओं को आकर्षक डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से प्रस्तुत किया गया हैं।इसके साथ ही बस्तर क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक यात्रा को 360 डिग्री प्रोजेक्शन और साउंड इफेक्ट्स के साथ दिखाया गया हैं।
बालोद जिले के शंकर प्रसाद ने कहा, “हमारे क्षेत्र की पहचान को देखना गर्व की बात हैं। अटल जी के योगदान को जिस तरह प्रदर्शित किया गया हैं, वह अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उनके ओजस्वी भाषणों को ऑडियो हेडफोन से सुनना अविस्मरणीय अनुभव रहा।”
कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय की छात्रा नम्रता महिलांग ने कहा, “डिजिटल वॉल और 360 डिग्री प्रोजेक्शन देखकर लगा जैसे हम इतिहास को जी रहे हों। बस्तर की यात्रा वाला सेक्शन बेहद प्रभावशाली था।”
राज्य के भविष्य की झलक दिखाते “डिजिटल छत्तीसगढ़ 2047” सेक्शन ने आगंतुकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। छात्रा गुलेश पाल ने कहा, “2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की जो झलक यहां दिखाई गई हैं, वह वास्तव में प्रेरणादायक हैं। यह प्रदर्शनी परंपरा और तकनीक का सुंदर संगम हैं।”












