रायपुर साहित्य उत्सव–2026 : छत्तीसगढ़ की साहित्यिक चेतना का राष्ट्रीय उत्सव

संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,20जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News

छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक,सांस्कृतिक और बौद्धिक परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने के उद्देश्य से,रायपुर साहित्य उत्सव–2026 का आयोजन 23, 24 और 25 जनवरी 2026 को नवा रायपुर अटल नगर स्थित पुरखौती मुक्तांगन परिसर में किया जा रहा हैं। तीन दिवसीय यह उत्सव साहित्य, संस्कृति और विचार-विमर्श का सशक्त मंच बनेगा, जिसमें देश-प्रदेश के लेखक, विचारक,साहित्य प्रेमी और पाठक बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

इस भव्य आयोजन में देश एवं प्रदेश के लगभग 120 ख्यातिप्राप्त साहित्यकार सहभागिता करेंगे। उत्सव के दौरान कुल 42 साहित्यिक सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समकालीन सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और बौद्धिक विषयों पर गहन विचार-विमर्श होगा।

🟠विविध विषयों पर होगा व्यापक विमर्श

साहित्य उत्सव में भारतीय ज्ञान परंपरा, संविधान, सिनेमा और समाज, नवजागरण, छत्तीसगढ़ी साहित्य, इतिहास और साहित्य, भाषा और शिक्षा, नाट्यशास्त्र एवं कला परंपरा, साहित्य और राजनीति, समकालीन महिला लेखन, जनजातीय साहित्य, लोक संस्कृति, पर्यटन, पत्रकारिता और शासन जैसे विषयों पर विशद परिचर्चाएं होंगी। इसके साथ ही डिजिटल युग में लेखन, पाठक संस्कृति और प्रकाशन जगत की चुनौतियों जैसे समसामयिक मुद्दे भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे।

🟠23 जनवरी को भव्य उद्घाटन

रायपुर साहित्य उत्सव का शुभारंभ 23 जनवरी 2026 को राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा वर्धा अंतरराष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. कुमुद शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

🟠‘चाणक्य’ नाटक होगा विशेष आकर्षण

23 जनवरी को सायंकाल 7 बजे से प्रख्यात साहित्यकार एवं रंगमंच कलाकार मनोज जोशी द्वारा चर्चित नाटक ‘चाणक्य’ का विशेष मंचन किया जाएगा, जो उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसके अलावा अभिनेता नीतीश भारद्वाज एवं प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक  अनुराग बसु भी साहित्य उत्सव में सहभागिता करेंगे।

🟠अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति काव्य-पाठ

24 जनवरी 2026 को देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में विशेष काव्य-पाठ का आयोजन किया जाएगा।

🔸️चार मंडप, साहित्यकारों के नाम पर

🔸️आयोजन स्थल पर चार मंडप बनाए गए हैं।

🔸️मुख्य मंडप: ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित स्व. विनोद कुमार शुक्ल

🔸️द्वितीय मंडप: पं. श्यामलाल चतुर्वेदी

🔸️तृतीय मंडप: लाला जगदलपुरी

🔸️चतुर्थ मंडप: अनिरुद्ध नीरव

🟠विशाल पुस्तक मेला और सांस्कृतिक गतिविधियां

उत्सव स्थल पर विशाल पुस्तक मेला लगाया जाएगा, जिसमें लगभग 15 राष्ट्रीय स्तर के प्रकाशक भाग लेंगे। छत्तीसगढ़ी साहित्यकारों और विद्यार्थियों की पुस्तकों का प्रदर्शन एवं नई पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा। साथ ही राज्य के 25 वर्षों के विकास पर आधारित प्रदर्शनी, टेलेंट ज़ोन, लोकनृत्य, काव्य-पाठ, क्विज प्रतियोगिताएं और छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

🟠निःशुल्क बस सेवा और व्यापक व्यवस्थाएं

पुरखौती मुक्तांगन तक आने-जाने के लिए पुराने रायपुर से लगभग 20 निःशुल्क बसें चलाई जाएंगी। आयोजन की व्यवस्थाओं में लगभग 500 अधिकारी-कर्मचारी जुटे हैं और सभी सुविधाओं को 21 जनवरी तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया हैं।रायपुर साहित्य उत्सव–2026 छत्तीसगढ़ की बौद्धिक चेतना, सांस्कृतिक विरासत और समकालीन विचारधारा का राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त प्रदर्शन हैं,जो नई पीढ़ी में साहित्य और सृजनशीलता के प्रति रुचि को और सुदृढ़ करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें