संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,21जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
🟠कैबिनेट के प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं—
1. छत्तीसगढ़ आबकारी नीति 2026-27 को मंजूरी
मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ आबकारी नीति वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। साथ ही इससे संबंधित सभी अनुषांगिक कार्यवाहियों के लिए आबकारी विभाग को अधिकृत किया गया।
2.नवा रायपुर में राष्ट्रीय स्तर का शैक्षणिक संस्थान
नवा रायपुर अटल नगर में उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक संस्थान की स्थापना हेतु विले पारले कलावनी मंडल (SVKM) को उनके नरसी मोंजी प्रबंधन अध्ययन संस्थान (NMIMS) की स्थापना के लिए सेक्टर-18 में लगभग 40 एकड़ भूमि 90 वर्षों की लीज पर आबंटित करने की स्वीकृति दी गई।
SVKM वर्ष 1934 से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठित संस्था है। वर्ष 2025 की NIRF रैंकिंग में संस्था को 52वां स्थान प्राप्त हुआ है। इससे राज्य में आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को मजबूती मिलेगी।
3.आईटी स्टार्ट-अप्स को मिलेगा बढ़ावा
नवा रायपुर अटल नगर में 4 नए उद्यमिता केंद्रों की स्थापना हेतु सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के साथ एमओयू करने का निर्णय लिया गया।
इस पहल से एआई, मेडटेक, स्मार्ट सिटी और स्मार्ट एग्री जैसे क्षेत्रों में आगामी 3-5 वर्षों में 133 स्टार्ट-अप्स को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एवं विकास (ESDD) केंद्र की स्थापना से हार्डवेयर स्टार्ट-अप्स और MSME को तकनीकी सहयोग मिलेगा।
4.सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में लैब सेवाएं मजबूत होंगी
राज्य के जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लैब के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक निर्णय लिए गए। इससे जांच सुविधाओं की गुणवत्ता, संसाधनों का सुदृढ़ीकरण एवं जांच की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित होगी।












