संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,26जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
जशपुर जिले के स्कूली बच्चों को अब आधुनिक तकनीक से युक्त स्मार्ट क्लास रूम में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांसाबेल स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में स्मार्ट क्लास रूम का शुभारंभ किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए एसईसीएल द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद से 5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई हैं, जिसके अंतर्गत जिले के शासकीय विद्यालयों में कुल 206 इंटरएक्टिव पैनल लगाए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा को रोचक, सरल और प्रभावी बनाना समय की आवश्यकता हैं। इससे ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों के बच्चों को भी शहरी क्षेत्रों के समान बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास रूम की यह पहल विद्यार्थियों में नवाचार, जिज्ञासा और तकनीकी दक्षता को बढ़ावा देगी, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनेगी।
कार्यक्रम में विधायक गोमती साय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।अधिकारियों ने जानकारी दी,कि त्रिपक्षीय एमओयू के तहत जशपुर जिले के चयनित शासकीय विद्यालयों में चरणबद्ध रूप से इंटरएक्टिव पैनल स्थापित किए जाएंगे। इन उपकरणों के माध्यम से शिक्षक डिजिटल कंटेंट, वीडियो, प्रेजेंटेशन और ई-लर्निंग संसाधनों का उपयोग कर कक्षाओं को अधिक प्रभावी और आकर्षक बना सकेंगे।
उल्लेखनीय हैं,कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर जशपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हाल ही में जिला प्रशासन, एसईसीएल और ईडूसीआईएल के बीच त्रिपक्षीय एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे।












