संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,28जनवरी2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से वर्चुअली जुड़कर प्रदेश के विभिन्न जिलों में 255 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुलिस आवासीय भवनों, थाना भवनों एवं 8 नए साइबर पुलिस थानों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पुलिस विभाग को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,कि आधारभूत सुविधाएं मिलने से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सकारात्मक वातावरण में कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी, जिससे कानून-व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा,कि आज जिन साइबर थानों, एसडीओपी कार्यालयों, चौकी भवनों, ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय भवनों का लोकार्पण हुआ हैं,वे अत्यंत सुविधाजनक एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण के उत्कृष्ट उदाहरण हैं। इसके लिए उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा,कि सरकार का निरंतर प्रयास हैं,कि पुलिस कर्मियों को बेहतर आवास और कार्यस्थल की सुविधा मिले, ताकि वे अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें। यह पहल सुदूर और संवेदनशील क्षेत्रों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगी।
🟠8 नए साइबर थानों का शुभारंभ
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने जानकारी दी, कि प्रदेश में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए 8 नए साइबर पुलिस थानों की शुरुआत की गई हैं। इनमें जशपुर, रायगढ़ और राजनांदगांव सहित अन्य जिले शामिल हैं। इससे पहले प्रदेश के 5 जिलों में साइबर थाने संचालित हो रहे थे। आवश्यकता अनुसार अन्य जिलों में भी साइबर थाने स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया,कि इसके साथ ही चार जिलों में भारत वाहिनी कैंपस, नौ जिलों में नए थाना भवन, माना में सेंट्रल आर्म्ड फोर्स चौकी तथा पुलिस आवासीय भवनों का भी लोकार्पण किया गया हैं। गृह मंत्री शर्मा ने इन विकास कार्यों की स्वीकृति और लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।
🟠कई जिलों में पुलिस अधोसंरचना को मिला विस्तार
मुख्यमंत्री ने बालोद, महासमुंद, धमतरी, रायपुर, बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर, दुर्ग, बेमेतरा, राजनांदगांव, सूरजपुर, कोरिया एवं बलरामपुर जिलों में भारत रक्षित वाहिनी परिसरों, थाना भवनों, चौकी भवनों, एसडीओपी कार्यालय, ट्रांजिट हॉस्टल एवं आवासीय भवनों का लोकार्पण किया।कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकास शील, डीजीपी अरुण देव गौतम सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।












