संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,1फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
अबूझमाड़ की पावन धरती से शांति,सद्भाव और विकास का सशक्त संदेश देते हुए,आज अबूझमाड़ पीस हाफ मैराथन 2026 का ऐतिहासिक आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारायणपुर में आयोजित इस हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया और स्वयं भी सांकेतिक रूप से दौड़ लगाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा,कि आज अबूझमाड़ से पूरे देश और दुनिया को अमन और शांति का मजबूत संदेश दिया जा रहा हैं। उन्होंने कहा,कि यह वही क्षेत्र हैं, जहां कभी आम नागरिकों का पहुंचना भी कठिन था, लेकिन आज सकारात्मक वातावरण के कारण हजारों लोग एकजुट होकर शांति की दौड़ में शामिल हुए हैं। यह बस्तर में माओवाद से मुक्ति और विकास की ओर बढ़ते कदमों का स्पष्ट संकेत हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा, कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के समूल उन्मूलन का लक्ष्य तय किया गया हैं। सुरक्षा बलों के अदम्य साहस और बलिदान के कारण ही आज बस्तर में शांति और विकास की मजबूत नींव पड़ी हैं।
🟠10 हजार से अधिक धावक, आत्मसमर्पित माओवादी भी बने सहभागी
21 किलोमीटर लंबी इस हाफ मैराथन में देश-विदेश से आए 60 से अधिक विदेशी धावकों सहित 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि आत्मसमर्पित माओवादी युवाओं ने भी हथियार छोड़कर शांति और मुख्यधारा में लौटने का संदेश देते हुए दौड़ में हिस्सा लिया।कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।












