संदिली सिंह,रायपुर,छत्तीसगढ़,1फरवरी 2026/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास पर पहुँचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अबूझमाड़ अंचल में आयोजित पीस हाफ मैराथन का शुभारंभ किया और विभिन्न सामाजिक, खेल एवं पर्यटन कार्यक्रमों में सहभागिता निभाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में अमन-शांति, आजीविका संवर्धन और स्थानीय सहभागिता बढ़ाने के लिए राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का अवलोकन किया तथा आमजन से संवाद कर विश्वास और सहभागिता को और सशक्त किया।
🟠बाइकर्स को दिखाई हरी झंडी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शांत सरोवर के समीप छत्तीसगढ़ राइडिंग क्लब,रायपुर के 40 बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दल नारायणपुर के सुदूर पर्यटन स्थल कच्चापाल तक यात्रा करेगा। इस पहल का उद्देश्य अबूझमाड़ क्षेत्र की पहचान को बढ़ावा देना और शांति का संदेश जन-जन तक पहुँचाना हैं।
🟠शांत सरोवर में नौका विहार
बिजली गाँव के समीप स्थित शांत सरोवर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं लघु वनोपज संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम के साथ नौका विहार किया। यह पहल स्थानीय पर्यटन को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम मानी जा रही हैं।
🟠तीर-धनुष से साधा लक्ष्य, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
बिंजली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय युवा तीरंदाजों से मुलाकात की और स्वयं तीर-धनुष उठाकर लक्ष्य साधा। उन्होंने कहा,कि बस्तर अंचल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं हैं। पारंपरिक आदिवासी खेल कौशल को आधुनिक प्रशिक्षण से जोड़कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा,कि छत्तीसगढ़ सरकार जिला प्रशासन एवं सुरक्षा बलों के साथ मिलकर क्षेत्र में शांति स्थापना, आजीविका विकास, खेल प्रतिभाओं को मंच देने और विश्वास का वातावरण बनाने के लिए सतत प्रयास कर रही हैं।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह,आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिन्सन गुरिया, सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












