न्यूज डेस्क,सूरजपुर,छत्तीसगढ़,13अगस्त2026
सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर,सूरजपुर पुलिस द्वारा जिले में युवाओं और विद्यार्थियों के बीच राष्ट्र एकता,अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चौकी लटोरी में 5 किलोमीटर मैराथन दौड़ और चौकी कुदरगढ़ क्षेत्र के हाईस्कूल धूर में निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई।
🟠चंदौरीडांड से लटोरी तक हुई 5 किमी मैराथन
चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह की देखरेख में ग्राम चंदौरीडांड से लटोरी तक करीब 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़ आयोजित हुई। इसमें क्षेत्र के विभिन्न गांवों के युवाओं और धावकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।प्रतियोगिता में अजबनगर के राहुल यादव ने प्रथम, डुमरिया के शिवशंकर ने द्वितीय और लटोरी बिहारपुर के गणेश सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेताओं को मेडल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।मैराथन में ग्राम जगतपुर निवासी 12 वर्षीय बाल धावक घनश्याम कुशवाहा ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। उसकी खेल प्रतिभा और उत्साह को देखते हुए पुलिस ने उसका उत्साहवर्धन करते हुए मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
🟠धूर हाईस्कूल में 123 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
चौकी प्रभारी कुदरगढ़ संजय यादव के नेतृत्व में, हाईस्कूल धूर में सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और व्यक्तित्व पर आधारित निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में स्कूल के 123 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।निबंध प्रतियोगिता में चंदन सिंह ने प्रथम, जितेन्द्र राजवाड़े ने द्वितीय और संत कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य जवाहर लाल पटेल सहित शिक्षकगण मौजूद रहे।
🟠युवाओं में बढ़ रहा उत्साह
पुलिस द्वारा आयोजित इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, एकता, अनुशासन,खेल भावना और महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित करना हैं।पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने प्रतियोगिताओं में शामिल सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए,विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।












