रसूलपुर हत्याकांड में पांचवां आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की जांच में एक और कड़ी जुड़ी

न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,19सितंबर2026

रसूलपुर हत्याकांड में सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए, पांचवें आरोपी मोईन मिया (65) को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक विवाद और पूर्व रंजिश के चलते वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया था,जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में पुलिस पहले ही,चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी हैं।

🟠किराए का मकान देखने के बहाने घर पहुंचे थे आरोपी

पुलिस के मुताबिक,16 सितंबर 2026 को सुबह करीब 10:15 बजे रसूलपुर,अंबिकापुर में तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने प्रार्थिया सादिया शारीन सिद्दीकी के घर पहुंचे थे। यहां उन्होंने उसके पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान के संबंध में बातचीत की। इसी दौरान तीनों ने कथित रूप से मिलकर वसीरुद्दीन पर चाकू से गंभीर हमला कर दिया।घायल वसीरुद्दीन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

प्रार्थिया ने पुलिस को बताया था,कि उसका पति मो. नाजिम शबा के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा हैं। आरोप हैं,कि पूर्व में पति द्वारा केस वापस नहीं लेने पर प्रार्थिया और उसके मायके पक्ष के लोगों को जान से मारने की धमकी दी गई थी।प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 647/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभ में धारा 109(1), 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 103(1), 61(2) और 238 बीएनएस भी जोड़ी गई।

🟠चार आरोपी पहले ही गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए,डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने, घटनास्थल का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों और सीमावर्ती रास्तों पर नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान चलाया गया।पुलिस ने मामले में पहले नाजिम शबा, कंचन कुमार, नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू और अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था।

🟠मरणासन्न कथन और गवाहों के बयान के आधार पर कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, मृतक के मरणासन्न कथन और प्रार्थिया सहित गवाहों के बयानों के आधार पर मोईन मिया पिता स्व. रोजान असारी, उम्र 65 वर्ष, निवासी ग्राम सकलदीपा, जिला पलामू (झारखंड), वर्तमान निवासी रनपुर खुर्द सरनापारा, परसा, अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस ने बताया,कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी हैं।

🟠कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, एएसआई अदीप प्रताप सिंह, विवेक पाण्डेय, देवनारायण यादव, प्रधान आरक्षक सुरजीत कोरी, सतीश सिंह, सियाराम मरावी, सदरक लकड़ा, आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा, शिवमंगल सिंह, कुश सोनी तथा नगर सैनिक दशरथ गुप्ता की भूमिका रही।साइबर सेल से प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, विकास सिन्हा तथा आरक्षक जितेश साहू, अशोक यादव, रमेश राजवाड़े, अमन पुरी और राहुल केरकेट्टा कार्रवाई में सक्रिय रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें