न्यूज डेस्क,सरगुजा,छत्तीसगढ़,23सितंबर2026
सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही मोटर पंप और समरसिबल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया हैं। पुलिस ने मामले में सत्यनारायण (25) निवासी गढ़बीरा,थाना लुण्ड्रा को गिरफ्तार किया हैं। आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल, 5 मोटर पंप और 2 सेट समरसिबल पंप समेत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फरार हैं,जिसकी तलाश की जा रही हैं।
🟠खेत से समरसिबल पंप का तार काटकर की गई थी चोरी
पुलिस के अनुसार, तुरियाबीरा निवासी संजय कुमार गुप्ता ने 13 मई 2026 को लुण्ड्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था,कि उसके खेत में लगे समरसिबल मोटर पंप का तार काटकर अज्ञात चोर मोटर पंप चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना लुण्ड्रा में, अपराध क्रमांक 111/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।सीमावर्ती थाना क्षेत्रों में लगातार सामने आ रही मोटर पंप और समरसिबल चोरी की घटनाओं को देखते हुए,डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने संबंधित थाना-चौकी प्रभारियों को संदिग्धों पर नजर रखने और मामलों का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे।
🟠चोरी का सामान खपाने निकले थे आरोपी
विवेचना के दौरान लुण्ड्रा पुलिस संदिग्धों की लगातार निगरानी कर रही थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली,कि दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर चोरी का सामान बोरी में लपेटकर कहीं ले जा रहे हैं।सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा एक संदिग्ध मौके से फरार हो गया। वहीं मोटरसाइकिल चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सत्यनारायण, पिता गंगाराम, उम्र 25 वर्ष, निवासी गढ़बीरा, थाना लुण्ड्रा बताया।पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे में मिले मोटर पंप और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के संबंध में पूछताछ करने पर उसने मोटरसाइकिल को अपने साथियों के साथ जिला अस्पताल परिसर, अंबिकापुर से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने मोटर पंप चोरी में भी संलिप्तता बताई।
🟠बतौली,लुण्ड्रा और धौरपुर क्षेत्र में चोरी का खुलासा
पुलिस के अनुसार,थाना लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने बतौली, लुण्ड्रा,धौरपुर समेत सीमावर्ती क्षेत्रों के खेतों में लगे समरसिबल और मोटर पंप अपने साथियों के साथ चोरी करना बताया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 5 मोटर पंप, 2 सेट समरसिबल पंप और घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई हैं। पुलिस ने आरोपी के लगातार अन्य साथियों के साथ मिलकर अपराध करने की जानकारी के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 112 एवं 3(5) भी जोड़ी हैं।
🟠एक आरोपी फरार, मोटरसाइकिल चोरी मामले की अलग जांच
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया हैं। वहीं घटना में शामिल फरार आरोपी की तलाश जारी हैं। पुलिस का कहना हैं,कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।पुलिस के मुताबिक, बरामद मोटरसाइकिल चोरी का मामला पहले से थाना मणिपुर में दर्ज हैं। इस संबंध में मणिपुर पुलिस द्वारा अलग से जांच एवं विवेचना की जा रही हैं।पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी, महिला प्रधान आरक्षक सुषमा ब्रिजीट, प्रधान आरक्षक महेश सिंह, आरक्षक इबनुल सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।












