न्यूज डेस्क,अंबिकापुर,छत्तीसगढ़,26सितंबर2026
सीतापुर में ब्लॉक स्तरीय ग्राम बैगा और सरपंचों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बैठक हॉल में हुई,इस बैठक में बैगा पूजा पद्धति, आदिवासी संस्कृति और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
🟠पारंपरिक बैगा पूजा पद्धति से हुई बैठक की शुरुआत
बैठक की शुरुआत पारंपरिक बैगा पूजा पद्धति के अनुसार धूप-दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद बैगा समाज की धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक पहचान और उन्हें संरक्षित रखने की आवश्यकता पर विचार-विमर्श हुआ।बैठक में क्षेत्र के बैगा समाज के प्रतिनिधियों और सरपंचों ने भी अपनी बात रखी तथा संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार साझा किए।
🟠विधायक बोले आदिवासी अंचल की पहचान हैं बैगा संस्कृति
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा कि बैगा समाज की संस्कृति और पूजा परंपरा आदिवासी अंचल की महत्वपूर्ण पहचान हैं। उन्होंने कहा,कि इस सांस्कृतिक विरासत को केवल वर्तमान पीढ़ी तक सीमित न रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी हैं।उन्होंने बैगा समाज की पारंपरिक पूजा पद्धति और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
🟠चोरकी पानी धाम मंदिर निर्माण में पंचायतों की भागीदारी की अपील
विधायक रामकुमार टोप्पो ने चोरकी पानी धाम में, निर्माणाधीन बाबा भोलेनाथ मंदिर के निर्माण में सीतापुर विधानसभा क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।उन्होंने प्रत्येक पंचायत से एक-एक मुट्ठी मिट्टी मंदिर के गर्भगृह में अर्पित करने का आग्रह किया। उन्होंने इसे क्षेत्र की सामूहिक सहभागिता और आस्था से जोड़ते हुए सभी पंचायतों से इसमें भागीदारी की अपील की।
🟠विकास और सांस्कृतिक विरासत पर भी हुई चर्चा
बैठक में क्षेत्र के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को लेकर बैगा समाज के प्रतिनिधियों और सरपंचों ने अपने विचार रखे। बैठक में पारंपरिक संस्कृति को संरक्षित रखते हुए क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ाने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया।












