संदिली सिंह,रायपुर,26अगस्त2025/विशेष रिपोर्ट-Nexis News
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान प्रवास के दौरान ओसाका स्थित एसएएस सानवा कंपनी लिमिटेड को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कंपनी को राज्य में अत्याधुनिक खाद्य प्रसंस्करण इकाई और उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सुविधा स्थापित करने का प्रस्ताव दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा,कि ये परियोजनाएँ राज्य की कृषि मूल्य शृंखलाओं को मज़बूत करने के साथ उच्च-तकनीकी विनिर्माण को भी प्रोत्साहित करेंगी, जिससे बड़े पैमाने पर युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने आश्वस्त किया,कि राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल वातावरण, सरल प्रक्रियाएँ और हर स्तर पर सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रस्तावित खाद्य प्रसंस्करण इकाई किसानों को उपज का बेहतर मूल्य दिलाने और कृषि आधारित उद्योगों को मजबूती देने में मदद करेगी। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सुविधा छत्तीसगढ़ को उच्च-तकनीकी उत्पादन का केंद्र बनाएगी और युवाओं को आधुनिक उद्योगों से जुड़ने का अवसर देगी।
मुख्यमंत्री साय ने विश्वास जताया,कि यह निवेश छत्तीसगढ़ को देश ही नहीं, वैश्विक स्तर पर भी उद्योग और निवेश का प्रमुख केंद्र बनाएगा। उन्होंने कहा,कि जनता की समृद्धि, युवाओं का उज्ज्वल भविष्य और निवेशकों का विश्वास ही राज्य सरकार की प्राथमिकता हैं, और इसी संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा हैं।












