न्यूज डेस्क,सारंगढ़,छत्तीसगढ़,1अगस्त 2026
सारंगढ़ को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से,नगरपालिका परिषद सारंगढ़ ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत नगर के प्रमुख बाजारों, होटल, रेस्टोरेंट, किराना दुकानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग और बिक्री करने वालों पर चालानी कार्रवाई करते हुए,जुर्माना भी वसूला गया।निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियमों की जानकारी दी गई और शासन द्वारा प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग, भंडारण और विक्रय नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही कपड़े, जूट और अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई।
🟠नियमों के उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
नगरपालिका ने स्पष्ट किया,कि भविष्य में भी प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग या बिक्री करते पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि शहर को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके।
🟠प्लास्टिक बन रही गौवंश की मौत का कारण
पशुधन विकास विभाग ने बताया,कि अब तक किए गए कई ऑपरेशन में गायों के पेट से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक निकली हैं। सार्वजनिक स्थानों पर लोग भोजन के अवशेष प्लास्टिक की थैलियों में फेंक देते हैं, जिन्हें गायें खा लेती हैं। यही प्लास्टिक उनके पेट में जमा होकर गंभीर बीमारी और कई बार मौत का कारण बन जाती हैं।
🟠नगरपालिका की नागरिकों से अपील
नगरपालिका परिषद ने लोगों से अपील की हैं,कि वे भोजन के अवशेष कागज,दोना-पत्तल या अन्य जैविक सामग्री में ही फेंकें तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें। नागरिकों के सहयोग से ही स्वच्छ, सुरक्षित और प्लास्टिक मुक्त सारंगढ़ का सपना साकार हो सकेगा।











